Tuesday, 31 January 2023

दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर और हवलदार गिरफ्तार.महिला को बंद करने की धमकी दे कर डेढ़ लाख मांगे : CBI



दक्षिण जिले के साइबर क्राइम थाने का
सब-इंस्पेक्टर और हवलदार गिरफ्तार.

महिला को बंद करने की धमकी दे कर डेढ़ लाख मांगे.



इंद्र वशिष्ठ
सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिले के साइबर क्राइम थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर और एक हवलदार को आपराधिक साज़िश रचने और रिश्वतखोरी में गिरफ्तार किया है.

सीबीआई के प्रवक्ता आर सी जोशी ने बताया कि दक्षिण जिले के साकेत स्थित साइबर क्राइम थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुनील यादव उर्फ विपुल यादव और हवलदार राजेश कुमार को रिश्वतखोरी में गिरफ्तार किया गया है.
सीबीआई के अनुसार सुमी पाल नामक महिला ने शिकायत की थी कि, कुछ दिन पहले साइबर क्राइम थाना, साकेत के ये दोनों पुलिसकर्मी उसके दफ़्तर (जहां वह नौकरी करती है) में आए थे. 
पुलिसकर्मियों ने उसे बताया कि उसके पति राहुल ने अशोक भार्गव से ढाई लाख रुपए ठगे हैं. 
डेढ़ लाख दो, मामला खत्म कर देंगे-
पुलिसकर्मियों ने सुमी से कहा कि ढाई लाख का मामला/मैटर है, डेढ़ लाख रुपए रिश्वत दे दो, वह मामला खत्म कर देंगे.
शिकायत के अनुसार सुमी ने पुलिसकर्मियों से पूछा कि,क्या वह यह रकम शिकायतकर्ता अशोक भार्गव को देंगे. पुलिसकर्मियों ने साफ इनकार कर दिया. 
गिरफ्तार करने की धमकी-
सुमी का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने रिश्वत न देने पर उसे भी गिरफ्तार करने की धमकी दी.
पुलिसकर्मियों के बार-बार दबाव डालने पर  सुमी ने 22 जनवरी को तीस हजार रुपए सब-इंस्पेक्टर सुनील यादव और हवलदार राजेश को दे दिए.
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे 27 जनवरी को दस हज़ार रुपए लेकर आने को कहा और रिश्वत की बकाया रकम का दस फरवरी तक इंतजाम करने के लिए कहा. सुमी ने 27 जनवरी को सीबीआई में शिकायत कर दी.
पुलिसवाला बोला, हम धोखा नहीं देंगे-
 सब-इंस्पेक्टर सुनील यादव ने सुमी को मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन पर बुलाया. सब-इंस्पेक्टर ने उससे कहा कि शिकायतकर्ता अशोक मामला खत्म करने के लिए तैयार नहीं हो रहा है, लेकिन तुम भरोसा रखो, हम धोखा नहीं देंगे और मामला निपटा देंगे. सब-इंस्पेक्टर सुनील ने रिश्वत के पचास हजार रुपए देने को कहा. सुमी ने कहा कि वह बीस हजार ही दे सकती है.
गिरफ्तार-
सीबीआई ने आरोपों के सत्यापन के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक साज़िश रचने (धारा 120 बी) और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धाराओं में मामला दर्ज किया है. सीबीआई ने तीस जनवरी को मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर सुमी से बीस हजार रुपए रिश्वत लेते हुए सब-इंस्पेक्टर और हवलदार को गिरफ्तार कर लिया. सब-इंस्पेक्टर ने सुमी को अपना नाम विपुल यादव बताया था जबकि उसका नाम सुनील यादव है.



Monday, 30 January 2023

बीजापुर एनकाउंटर में वांटेड नक्सली महिला को एनआईए ने गिरफ्तार किया


एनकाउंटर में वांटेड नक्सली महिला को एनआईए ने गिरफ्तार किया

इंद्र वशिष्ठ
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बीजापुर मुठभेड़ मामले में वांटेड माओवादी कैडर की  एक महिला को गिरफ्तार किया है.
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2021 में छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सीपीआई (माओवादी) के सशस्त्र सदस्यों ने टेकलगुडियम गांव के पास पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों पर बड़ा हमला किया था.
हमले में 22 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे और 30 से ज्यादा जवान घायल हुए थे. 
एनआईए ने जून 2021 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
एनआईए को तफ्तीश के दौरान पता चला कि इस मामले में वांटेड माओवादी कैडर की महिला बीजापुर जिले के भोपालपटनम इलाके में छिपी हुई है. 29 जनवरी को   रायपुर से तुरंत एनआईए की टीम वहां गई और महिला को गिरफ्तार कर लिया. महिला का नाम मड़काम उंगी उर्फ कमला निवासी मुथामडुगू उर्फ उदतमल्ला गांव, जिला बीजापुर है. 
महिला को जगदलपुर में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया. मामले की आगे  जांच जारी है.
नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई इस जबरदस्त मुठभेड़ में बीस से ज्यादा नक्सली भी मारे गए थे.










Sunday, 29 January 2023

गुरुग्राम के किसानों की करोड़ों की जमीन कौडियों के दाम हड़पने वाली शातिर ठगनी गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस

      स्पेशल कमिश्नर रवींद्र सिंह यादव


गुरुग्राम के किसानों की जमीन हड़पने वाली ठग गिरफ्तार



इंद्र वशिष्ठ
नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गुरुग्राम के किसानों को डरा कर जमीन हड़पने के मामले में भगोड़ी घोषित आरोपी को गिरफ्तार किया है.
23 मामलों में वांटेड-
अपराध शाखा के स्पेशल कमिश्नर रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि अदालत द्वारा धोखाधड़ी के 23 मामलों में भगोड़ी घोषित अपराधी सोना बंसल को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है. उसके पति अतुल बंसल की तलाश की जा रही है.
दिल्ली पुलिस ने सोना बंसल की गिरफ्तारी पर पचास हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था.
अतुल बंसल, सोना बंसल और अन्य आरोपी गुरुग्राम मानेसर में 1500 करोड़ रुपए के भूमि घोटाले में शामिल हैं. इनके खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में जांच एजेंसियों द्वारा ठगी के 23 मामले दर्ज किए गए हैं.
पुलिस से बचने के लिए अभियुक्त लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे.
टीम-
अपराध शाखा के एसीपी अरविंद कुमार की देख रेख में इंस्पेक्टर अरुण सिंधु, के के शर्मा, सब-इंस्पेक्टर राहुल गर्ग, एएसआई रवींद्र सिंह, शशिकांत, हवलदार गौरव त्यागी, अबधेश शर्मा और हवलदार सीमा की टीम गठित की गई.
 एक सूचना के आधार पर पुलिस ने मुंबई की एक शानदार सोसायटी में रह रही सोना बंसल को गिरफ्तार किया.अतुल बंसल वहां नहीं मिला. 
सोना ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसके पति अतुल की मृत्यु हो गई, लेकिन उसने पति की मृत्यु संबंधी कोई सबूत पुलिस को नहीं दिया.
1500 करोड़ का घोटाला-
स्पेशल कमिश्नर रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि अभियुक्तों ने गुरुग्राम-मानेसर इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप के नाम से 1500 करोड़ रुपए का भूमि हड़पने का घोटाला किया है. अतुल बंसल और सोना अपने बेटे के नाम से बनाई कंपनी आदित्य बिल्ड वेल के निदेशक हैं. मानेसर पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी )ने इनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में जांच शुरू की थी. इसके बाद सीबीआई ने वर्ष 2015 में इस दंपत्ति, बिल्डरों के अलावा हरियाणा सरकार के कुछ अफसरों आदि के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया था.
कौडियों के दाम हड़प ली-
ईडी ने जांच में पाया कि अभियुक्तों/बिल्डरों ने गुरुग्राम के गांवों के  किसानों/भूमि धारकों को उनकी जमीन का अधिग्रहण हो जाने का डर दिखा कर मामूली  दाम पर उनकी जमीन हड़प ली. इसके बाद उस जमीन को बिल्डरों आदि को बेच कर मोटा मुनाफा कमाया.
 अभियुक्त बिल्डरों ने हरियाणा सरकार के अफसरों की मिलीभगत से गुरुग्राम के विभिन्न गांवों के किसानों से 400 एकड़ जमीन औने पौने दाम पर खरीद ली. करीब 1600 करोड़ रुपए मूल्य की जमीन किसानों को अधिग्रहण का डर दिखा कर केवल 100 करोड़ रुपए में खरीद ली गई.
इस जमीन घोटाले के अलावा इस दंपत्ति ने दिल्ली एनसीआर में अपने प्रोजेक्ट को भी खरीददारों को नहीं दिया. इस सिलसिले में धोखाधड़ी के अनेक मामले  दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज किए गए है.
यह दंपत्ति विदेश भागने की कोशिश कर रहा था. मुंबई में यह गलत नाम/पहचान से रह रहे थे.


Wednesday, 25 January 2023

पंजाब में पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट से हमला करने वाला हरियाणा का आतंकी गिरफ्तार: NIA


पंजाब में पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट से हमला करने वाला आतंकी गिरफ्तार: एनआईए



इंद्र वशिष्ठ
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मोहाली में पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस के मुख्यालय पर रॉकेट से हमला करने वाले मुख्य अभियुक्त  दीपक रंगा को गिरफ्तार किया है.
 रॉकेट से बम दागा-
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि 9 मई 2022 को रॉकेट से संचालित ग्रेनेड (आरपीजी) अटैक के बाद से फरार दीपक रंगा को आज गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया है. 
हरियाणा के झज्जर जिले के सुर्ख पुर गांव का निवासी दीपक बदमाश से आतंकवादी बने कनाडा में मौजूद लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा और पाकिस्तान में मौजूद हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा का करीबी साथी है.
दीपक आरपीजी अटैक के अलावा आतंकी हिंसा और हत्याओं जैसे संगीन अपराध की अनेक वारदात में शामिल है.
दीपक को लखबीर और हरविंदर से आतंकी गतिविधियों के लिए धन और अन्य मदद  लगातार मिल रही थी.
आतंकी, बदमाश, तस्कर गठजोड़-
एनआईए को पिछले साल पता चला कि विदेश में मौजूद आतंकवादी संगठन भारत में लक्षित हत्याओं (टार्गेट किलिंग)  और हिंसात्मक अपराधों के लिए उत्तर भारत के कुख्यात बदमाशों के गिरोहों के साथ मिलकर वारदात कर रहे हैं.
आतंकियों, बदमाशों और ड्रग्स/ हथियार तस्करों के उभरते गठजोड़ का भी पता चला. इस नेटवर्क द्वारा सीमा पार से आतंकवाद के लिए हथियार और गोला बारुद/ बम आदि की तस्करी का भी पता चला. 
एनआईए कार्रवाई तेज करेगा-
एनआईए ने तब 20 सितंबर 2022 को इस सिलसिले में खुद ही मामला दर्ज किया.
 एनआईए द्वारा आतंकियों बदमाशों और ड्रग्स तस्करों के गठजोड़ के ख़िलाफ़ तीन मामले दर्ज किए जाने के बाद से इस गठजोड़ के कुख्यात अपराधिक गिरोहों के 19 सरगनाओं/बदमाशों को, दो हथियार आपूर्तिकर्ताओं और एक बड़े फाइनेंसर को गिरफ्तार किया जा चुका है.
कनाडा में मौजूद अर्श दल्ला को गृह मंत्रालय द्वारा 9 जनवरी 2023 को आतंकी घोषित किया गया है.
एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि आतंकियों, बदमाशों और तस्करों के गठजोड़ और बुनियादी ढांचे को खत्म करने के लिए निकट भविष्य में कार्रवाई तेज की जाएगी.


हैदराबाद में सुनारों को गोली मार कर लूटने वाला हरियाणा का लुटेरा गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस

        स्पेशल कमिश्नर रवींद्र सिंह यादव



हैदराबाद में सुनारों को गोली मार कर लूटने वाला हरियाणा का लुटेरा गिरफ्तार


इंद्र वशिष्ठ
हैदराबाद में सुनारों को गोली मारकर 3-4 किलो सोना लूटने वाले हरियाणा के एक लुटेरे को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है.

दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर ( अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि संदीप उर्फ मनीष ( निवासी आंबेडकर चौक, बादली गांव, जिला झज्जर, हरियाणा)  को गिरफ्तार किया गया है. लूट और जबरन वसूली आदि के 6 मामलों में शामिल लुटेरा संदीप कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह का है.

सोना लूटा-
संदीप  ने  दिसंबर 2022 में अपने साथियों  के साथ मिलकर हैदराबाद के चैतन्य पुरी थाना इलाके में महादेव ज्वैलर्स पर 3-4 किलो सोना और नकदी लूटी थी.
संदीप अपने साथी शुभम उर्फ मनिया और सुमित डागर के साथ चैतन्य पुरी के कोठापेट में महादेव ज्वैलर्स की दुकान पर गया. दुकान का शटर बंद कर गोलियां चला दी. गोली सुनार कल्याण चौधरी की छाती में और सुनार सुख राम के चेहरे, हाथ और पैर पर लगी. 

तेलंगाना पुलिस ने लूट की साज़िश रचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया. जिसने मुख्य आरोपी लुटेरे संदीप, सुमित और मनिया के बारे में बताया. 
तेलंगाना पुलिस और दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने लुटेरों को पकड़ने के लिए उनके ठिकानों पर छापे मारे. लुटेरे पकड़े नहीं गए. तेलंगाना पुलिस वापस चली गई. 
अपराध शाखा के एसीपी नरेश कुमार की देख रेख में इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, इंस्पेक्टर गुलशन, सब-इंस्पेक्टर सचिन गुलिया, एएसआई कुलदीप, हवलदार नरेंद्र, दीपक, धर्म राज, पप्पू, मिंटू और हवलदार श्याम सुंदर की टीम गठित की गई. 
नाले पर पकड़ा-
पुलिस ने एक सूचना के आधार पर छावला नाले पर संदीप को गिरफ्तार किया. उसके पास से चोरी की एक मोटर साइकिल बरामद हुई है.
साल 2019 में संदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर तरुण यादव पर गोली चला कर एक करोड़ रुपए रंगदारी की मांग भी की थी.
सुनार ने साज़िश रची-
संदीप की जेल में सुमित डागर से मुलाकात हुई थी. जेल से बाहर आने पर सुमित ने संदीप की शुभम से मुलाकात कराई. तीनों ने लूट की बड़ी वारदात करने की साज़िश रची. सुमित ने महेंद्र (भीलवाड़ा राजस्थान) से मिलवाया. महेंद्र ने ही तेलंगाना में सुनारों को लूटने के लिए कहा. महेंद्र ने एक हफ्ते तक तेलंगाना में सुनार पर निगरानी रखने के बाद इन तीनों को लूट के लिए बुलाया था.
दिल्ली में लूट आदि के मामलों में अदालत में पेश न होने के कारण अदालत ने संदीप के खिलाफ अगस्त 2022 में गैर जमानती वारंट जारी किया था. 
सीसीटीवी से सुराग़-
तेलंगाना पुलिस ने सात दिसंबर 2022 को इस मामले में महेंद्र की पत्नी गुड़िया जाट, उसके साले सुमेर चौधरी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था. एक करोड़ 35 लाख रुपए मूल्य के जेवर, तीन देसी तमंचे, कारतूस,चाकू, 65 हजार रुपए और एक कार बरामद की थी.
कमिश्नर महेश एम. भागवत ने बताया था कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में अपराध में शामिल वाहन का आंशिक नंबर नज़र आया था उसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई.
सिद्दीपेट में साज़िशकर्ता सुनार महेंद्र की दुकान है. महेंद्र ने सुनारों को आभूषण बेचने वाले सुनार राज कुमार सुराणा को लूटने की साज़िश रची थी. तीन दिसंबर को राजकुमार सुराणा अपने सहायक सुखराम के साथ करीब तीन किलो सोने के जेवर बेचने अन्य सुनारों की दुकानों पर गया था.जब वह महादेव ज्वैलर्स पर सुनार कल्याण चौधरी को जेवर दिखा रहा था तब लुटेरों ने धावा बोल दिया.





Monday, 23 January 2023

दिल्ली पुलिस के हवलदार को बदमाश ने चाकू मारा. पुलिस की गोली से बदमाश घायल.

                  हवलदार रिंकू



दिल्ली पुलिस के हवलदार को बदमाश ने चाकू मारा.
मुठभेड़ में  पुलिस की गोली से बदमाश घायल.


इंद्र वशिष्ठ
नई दिल्ली, दिल्ली में बेखौफ बदमाशों द्वारा पुलिस पर हमला करने का सिलसिला जारी हैं.
दिल्ली पुलिस के एक हवलदार को एक बदमाश ने चाकू मार कर घायल कर दिया. पुलिस ने कथित मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है.
कथित मुठभेड़ के दौरान चाकू मारने वाला बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया.

द्वारका जिले के डीसीपी एम हर्षवर्धन ने बताया कि 22 जनवरी को रात में करीब साढ़े आठ बजे छावला थाने का हवलदार रिंकू और एएसआई सुनील मोटर साइकिल पर इलाके में गश्त कर रहे थे. 
उसी दौरान उन्हें कुतुब विहार में झगड़े की एक सूचना मिली. एएसआई सुनील और हवलदार रिंकू घटना स्थल पर पहुंचे, तो पाया,कि कुछ लड़के एक तिपहिया स्कूटर चालक के साथ झगड़ा कर रहे हैं. 
चाकू मारकर भाग गया-
हवलदार रिंकू ने उनमें से एक बदमाश सन्नी उर्फ शूटर को पकड़ लिया. सन्नी हवलदार रिंकू पर चाकू से दो वार करके भाग गया. हवलदार रिंकू को अस्पताल में भर्ती कराया गया. रिंकू की हालत स्थिर है, चाकू का एक जख्म गहरा है. 
छावला थाना में हत्या की कोशिश और सरकारी कर्मचारी पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया.
बदमाशों को पकड़ने के लिए जिले की आपरेशन यूनिट और थाना पुलिस की एक टीम बनाई गई. 
मुठभेड़-
पुलिस को रात में ही करीब ढाई बजे सूचना मिली,कि कुतुब विहार में भाई भाई रोड के एक मकान में बदमाश छिपे हुए हैं. पुलिस ने वहां छापा मारा.
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी, पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाई. पुलिस की दो गोली सन्नी के पैरों में लगी है. सन्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
 सन्नी छावला थाने का घोषित बदमाश (बीसी)  है
सन्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है. एक देसी तमंचा, तीन कारतूस और बटनदार चाकू बरामद हुआ है.
एएसआई शहीद-
4 जनवरी को मायापुरी थाने में तैनात एएसआई शंभु दयाल एक स्नैचर को पकड़ने के दौरान चाकू से हमला किए जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान 8 जनवरी को वे शहीद हो गए।






Wednesday, 18 January 2023

दिल्ली पुलिस ने पेंशन भोगियों को ठगने वाला गिरोह पकड़ा . पेंशन भोगी सावधान रहें.

पेंशन भोगियों को ठगने वाला गिरोह पकड़ा :दिल्ली पुलिस


इंद्र वशिष्ठ
पेंशन भोगियों को ठगने वाले एक गिरोह को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की साइबर क्राइम यूनिट (आईएफएसओ) ने गिरफ्तार किया है. यह गिरोह 1800 पेंशन भोगियों को ठग चुका है.

एक लैपटॉप, दस मोबाइल फोन, अनेक सिम कार्ड और एटीएम कॉर्ड बरामद हुए हैं.

जीवित होने का प्रमाण पत्र-
पेंशन भोगियों को पेंशन पाने के लिए हर साल अपने जीवित होने का प्रमाण पत्र बैंक/ डाक घर में देना होता है. पहले सिर्फ व्यक्तिगत रूप से हाज़िर हो कर ही यह प्रमाण पत्र देना पड़ता था.
 साल 2014 से सरकार द्वारा पेंशन भोगियों की सुविधा के ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र प्रदान करने की सुविधा भी शुरू की हुई है  . इसके लिए 
https://jeevanpramaan.gov.in वेबसाइट बनाई हुई है.
जीवन प्रमाण पेंशनरों के लिए एक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र है जो बायोमेट्रिक रूप से सक्षम और आधार पर आधारित है। 

डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि  राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) से शिकायत मिली थी कि कुछ जालसाजों ने ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र बनाने वाली सरकारी वेबसाइट से मिलती जुलते https://jeevanpraman.online/ नाम से नकली वेबसाइट बना ली है. इसके माध्यम से वह जीवन प्रमाण पत्र सेवाओं के लिए पेंशन भोगियों से पैसे ले रहे हैं जीवन प्रमाण पत्र फॉर्म भरने/ पंजीकरण के लिए  प्रति आवेदक 199 रुपए ठग रहे हैं. 
इस शिकायत पर  आईएफएसओ ने धोखाधडी, जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.

एसीपी जय प्रकाश की देखरेख में इंस्पेक्टर सुनील सिद्धू, इंस्पेक्टर योगराज, एएसआई अजीत सिंह, हवलदार हरी किशन, अतुल सुहाग, सोमबीर, सिपाही हुक्म और योगेन्द्र की एक टीम गठित की गई. 
तफ्तीश के दौरान जाली वेबसाइट के बारे में तकनीकी सूचना, बैंक खातों और  कॉल रिकॉर्ड की जांच की गई. तकनीकी तफ्तीश के आधार पर पुलिस ने अभियुक्तों की पहचान की और उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में छापे मार कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया.
अभियुक्तों के नाम-
इस मामले में अमित खोसा ( ग्रेटर नोएडा), कणव कपूर (नोएडा), बिनॉय सरकार ( हैदराबाद) और शंकर मंडल (हैदराबाद) को गिरफ्तार किया गया है. कणव कपूर ऐसे ही मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है. कणव ( बी.टेक, वेब डेवलपर) और अमित (ग्रेजुएट) इस मामले के मुख्य अभियुक्त है. कणव ने जाली वेबसाईट बनाई थी. 
रकम का बंटवारा-
ठगी गई रकम में से पचास प्रतिशत कणव कपूर , पैंतीस प्रतिशत अमित, दस प्रतिशत शंकर मंडल और पांच प्रतिशत बिनॉय  सरकार को मिलता था. बिनॉय सरकार ने अपने मातहत काम करने वाले शंकर मंडल के बैंक खातों का विवरण अमित को दिया था. शंकर मंडल एमबीए और बी कॉम (कंप्यूटर) है. बिनॉय सरकार ने मानव संसाधन प्रबंधन में स्नातकोत्तर किया है.

लोग शिकायत नहीं करते-
डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि पंजीकरण शुल्क मामूली होता था इसलिए लोग  शिकायत भी नहीं करते थे. शंकर मंडल के बैंक खातों के विवरण से पता चला है कि यह 1800 पेंशन भोगियों को ठग चुके हैं. 
सावधान, सतर्क रहे-
डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि गूगल पर किसी भी वेबसाइट को सर्च करते समय ठगी से बचने के लिए यह जरूर देख लेना चाहिए कि उस पर प्रयोजक/ स्पोंसर्ड या एडी यानी विज्ञापन तो नहीं लिखा हुआ है.