Wednesday, 11 February 2026

10 लाख रुपये लेते हुए ASI गिरफ्तार, 25 लाख मांगने वाला सी आर पार्क थाने का ASI बना प्रॉपर्टी डीलर, भ्रष्टाचार चरम पर

इंद्र वशिष्ठ, 
दिल्ली पुलिस के भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के लगातार पकड़े जाने के बावजूद पुलिसकर्मी बाज नहीं आ रहे हैं। 
सीबीआई ने दक्षिण जिले के चितरंजन पार्क थाने के एएसआई सुंदर पाल सिंह को दस लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एएसआई सुंदर पाल ने 25 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। 
एएसआई सुंदर पाल सिंह ने शिकायतकर्ता प्रेम सूद से दविंदर सलवान के साथ प्रॉपर्टी के एग्रीमेंट को कैंसिल करने के उसके मामले को निपटाने और यह पक्का करने के लिए कि दविंदर सलवान उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेगा, 25 लाख रुपये रिश्वत  मांगी।
 सीबीआई ने 10 फरवरी को जाल बिछाया और एएसआई सुंदर पाल को प्रेम सूद से 10 लाख रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
प्रॉपर्टी बेचने के लिए मजबूर किया-
एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता कैलाश कालोनी निवासी प्रेम सूद लीगल कंसल्टेंट के तौर पर काम करते हैं। साल 2024 में प्रेम और उसके भाई सुरेश कुमार सूद के बीच प्रॉपर्टी का झगड़ा हुआ था। सुरेश सूद ने पुलिस को फोन किया और उसके बाद एएसआई सुंदर पाल सिंह प्रेम सूद के संपर्क में आया। प्रेम सूद का आरोप है कि जैसे ही एएसआई संदर पाल सिंह को पता चला कि मैं घर में अकेला रहता हूं, तो उसने मुझे अपनी प्रॉपर्टी बेचने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया।
एएसआई बन गया प्रॉपर्टी डीलर-
एएसआई सुंदर पाल ही मेरी संपत्ति खरीदने के लिए दविन्द्रर सलवान नामक खरीददार को लाया। संपत्ति बेचने के लिए वर्ष 2025 में मेरे और दविंदर सलवान के बीच एक एग्रीमेंट किया गया था और प्रारंभिक राशि 1.5 करोड़ रुपये मेरे खाते में जमा की गई थी, हालांकि दविंदर सलवान ने पूरी राशि नहीं दी, इसलिए सौदे/ समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका।
फरवरी 2026 में, उन्होंने (सुंदर पाल सिंह और दविंदर सलवान) मेरी संपत्ति खरीदने के लिए अमित वर्मा नामक एक नए खरीददार की व्यवस्था की जिसने मुझे मेरी संपत्ति के लिए 6.75 करोड़ रुपये की पेशकश की।
2.5 करोड़ मांगे-
एएसआई सुंदर पाल सिंह ने मुझे दविंदर सलवान की ओर से प्रॉपर्टी के समझौते को रद्द करने के लिए 2.5 करोड़ रुपये नकद देने की धमकी दी, जो मेरे और दविंदर सलवान के बीच किया गया था। दविंदर सलवान के साथ मेरा मामला निपटाने के लिए और मुझे यह पक्का करने के लिए कि दविंदर सलवान मेरे खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेगा, एएसआई सुंदर पाल ने खुद के लिए 25 लाख रुपये मांगे।
एएसआई सुंदर पाल ने धमकी दी कि 25 लाख रुपये नहीं दिए, तो वह उसे फर्जी केस में फंसा कर गिरफ्तार करवा देगा।
पश्चिम विहार थाने का एएसआई गिरफ्तार-
सीबीआई ने 7 फरवरी को पश्चिम विहार थाने में तैनात एएसआई ओम प्रकाश को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एएसआई ओम प्रकाश ने शिकायतकर्ता से उसके भाई को ज़मानत दिलाने में मदद करने के लिए 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी और रिश्वत की रकम न देने पर उसे दूसरे मामलों में भी फंसाने की धमकी दी थी।




No comments:

Post a Comment