आईएसआई के पालतू आतंकी 'शहज़ाद भट्टी के नेटवर्क का भारत ने भट्ठा बिठा दिया
200 से ज़्यादा गिरफ़्तार,
लॉरेंस बिश्नोई का पुराना यार
इंद्र वशिष्ठ,
स्वतंत्रता दिवस से पहले पाकिस्तानी खुफ़िया एजेंसी (आईएसआई) के पालतू शाहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बहु-राज्यीय अभियान चला कर इस आतंकी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
इस दौरान 14 राज्यों में 253 लोग हिरासत में लिए गए हैं। नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई और 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया गया हैं।
दिल्ली में 51 पकड़े-
स्वतंत्रता दिवस के आसपास इस नेटवर्क से जुड़ी संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए 12 अगस्त को राज्य पुलिस बलों के साथ रियल-टाइम खुफिया जानकारी साझा करने वाली प्रणाली के जरिए समन्वित बहु-राज्यीय अभियान चलाया गया। इसमें 14 राज्यों में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया। उत्तर प्रदेश (62), हरियाणा (52), दिल्ली (51), पंजाब (44), राजस्थान (15), महाराष्ट्र (8), उत्तराखंड (5), कर्नाटक, गुजरात और बिहार (3-3) तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल(2-2) व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली और कर्नाटक में नई एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।
मंसूबे नाकाम-
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार ने आतंकी समूह 'शहज़ाद भट्टी नेटवर्क' के 200 से ज़्यादा सदस्यों को गिरफ़्तार कर उसके खतरनाक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया।
गृहमंत्री ने कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगह पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त किया, जो आतंकवाद के प्रति भारत की 'ज़ीरो-टॉलरेंस' नीति का एक बेहतरीन उदाहरण है।
आईएसआई से फंड-
आईएसआई से फंड पाने वाले इस समूह के पास से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई, जिसमें आईईडी/बम , पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले हथगोले/ ग्रेनेड, पिस्तौल, कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे शामिल थे। यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था।
शाहजाद भट्टी का आतंकी सिंडिकेट भारत में ग्रेनेड, आईईडी और पेट्रोल बम हमलों तथा टारगेटेड किलिंग में शामिल है। ये स्थानीय सहयोगियों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाता था।
इनके खिलाफ़ यूएपीए, बीएनएस, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं।
बिश्नोई का यार-
पहले सोशल मीडिया पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ शहजाद भट्टी के दोस्ताना रिश्तों और वीडियो कॉल वायरल हो चुके हैं।
अब दोनों एक दूसरे के दुश्मन हो गए बताते हैं।
बिश्नोई जैसे गद्दारों के कारण ही पाकिस्तानी भारत में अपना आतंकी सिंडिकेट बना पाते हैं।