Friday, 1 May 2026

CGHS की रिश्वतखोर एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा गिरफ्तार

    एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा 



इंद्र वशिष्ठ, 
सीबीआई ने सीजीएचएस, मेरठ (यूपी) की एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा और उसके निजी सहायक/ ड्राइवर सनी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ़्तार किया है।


सीजीएचएस मुरादाबाद में तैनात कर्मचारी तरुण का फरवरी में सीजीएचएस मेरठ से मुरादाबाद तबादला कर दिया गया। तरुण वापस मेरठ आना चाहता है। तरुण ने तबादले के लिए एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा से बात की। एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा ने मुरादाबाद से वापस मेरठ में तबादले के बदले अपने निजी सहायक सनी के माध्यम से 80 हजार रुपये रिश्वत मांगी। 
तरुण की शिकायत पर सीबीआई ने 30 अप्रैल को जाल बिछाया। इस जाल के दौरान निजी सहायक सनी और एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा शिकायतकर्ता तरुण से 50,000 रुपये की रिश्वत लेने पर सहमत हो गए।
इसके बाद, निजी सहायक सनी को डाक्टर नताशा वर्मा की ओर से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सीबीआई ने एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा और उनके निजी सहायक सनी को गिरफ़्तार कर लिया।

सीजीएचएस का एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर अजय कुमार गिरफ्तार, 50 लाख मांगे
सीबीआई ने 12 अगस्त 2025 को मेरठ में तैनात सीजीएचएस के एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर अजय कुमार,ऑफिस सुपरिटेंडेंट लवेश सोलंकी और उनके निजी साथी रईस अहमद को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। 
एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर अजय कुमार ने दो निजी अस्पतालों जेएमसी मेडिसिटी और हाई फील्ड अस्पताल को सीजीएचएस की सूची से हटा देने की धमकी दे कर 50 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। 
50 लाख के जेवरात बरामद -
सीबीआई ने डाक्टर अजय कुमार के आवास और बैंक लॉकरों की भी तलाशी ली। तलाशी में आरोपी के परिसर/लॉकर से 29.50 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण बरामद किए गए। इसके अलावा, आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्ति के दस्तावेज और म्यूचुअल फंड और शेयर बाजारों में भारी निवेश का विवरण प्राप्त हुआ है।
दो करोड़ से ज्यादा की धन संपत्ति-
प्रथम दृष्टया यह पता चला कि डाक्टर अजय कुमार ने सीएमओ, सीजीएचएस मेरठ, यू.पी. के रूप में कार्य करते हुए 01.04.2020 से 13.08.2025 की अवधि के दौरान खुद को अवैध रूप से समृद्ध किया और उसके पास 2,06,31,845/- रुपये के आर्थिक संसाधन हैं, जो उसकी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक है, जिसका वह संतोषजनक हिसाब नहीं दे सकता है।
सीबीआई ने डाक्टर अजय कुमार एडिशनल डायरेक्टर, सीजीएचएस, मेरठ, उत्तर प्रदेश के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति (डीए) का भी मामला 18 नवंबर 2025 को दर्ज किया। 













 .