आतंकवाद के नेटवर्क पर एक साथ प्रहार : अमित शाह
इंद्र वशिष्ठ,
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक सरकार एक ऐसी व्यवस्था बना रही है जिसमें आतंकवाद का सामना करने के लिए हर पुलिस थाने के स्तर तक एकसमान रणनीति पर काम होगा। थाना-स्तर की इंटेलिजेंस को कई स्तरों के माध्यम से डीजीपी स्तर तक पहुंचाकर उसमें से कार्रवाई लायक सूचना निकालने का तंत्र विकसित करने की ज़रूरत है। साथ ही हर राज्य के एटीएस को अपनी साइबर एक्सपर्ट यूनिट को मजबूत करने की जरूरत है, क्योंकि इस प्रकार के अपराधों में अब तकनीक का उपयोग विशेष रूप से किया जा रहा है।
गृह मंत्री ने कहा सीमांत राज्यों में चतुष्कोणीय क्षेत्रीय सुरक्षा ग्रिड हमारा अहम एजेंडा होना चाहिए। साथ ही हमें सभी राज्यों की एटीएस की क्षमता को भी बढ़ाना है। एक सफल एजेंसी का काम है कि आतंकवादी घटना को अंजाम देने से पहले ही वह आतंकवादियों को पकड़ कर जेल की सलाखों के पीछे डाल दे।
गृह मंत्री अमित शाह ने वीरवार को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन में कहा कि लश्कर के आतंकवादी लतीफ़ भट के मारे जाने के बाद पूरा कश्मीर भारत में पैदा हुए आतंकवादियों की मौजूदगी से मुक्त हो गया है। 35 साल के बाद यह स्थिति आई है।
काम करने के स्वभाव को भी बदलना होगा -
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हम केन्द्र और राज्यों के सहयोग से आतंकवाद के खिलाफ एक इकोसिस्टम अप्रोच के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं और इस सहयोग को और मज़बूत करने की ज़रूरत है। हमें अपने काम करने के स्वभाव को भी बदलना होगा तभी हमें इस लड़ाई में विजय मिलेगी। हमें टेरर मनी की पूरी चेन पर प्रहार करना होगा। जब तक हम आतंकवाद के पूरे नेटवर्क पर एक साथ प्रहार नहीं करेंगे तब तक हमें सफलता नहीं मिलेगी। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारा लक्ष्य साझा और संयुक्त तथा स्पष्ट जवाबदेही होनी चाहिए। पूरे आतंकी नेटवर्क की जांच कर हम काफी घटनाओं को होने से पहले ही रोक सकते हैं।
शहजाद भट्टी नेटवर्क-
अमित शाह ने कहा कि शहजाद भट्टी नेटवर्क को गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूपीपीए) के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। देशभर में इसके लगभग 40 से अधिक मॉड्यूल नष्ट किए जा चुके हैं। इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के तहत 100 से अधिक मामले दर्ज हुए और 271 से अधिक गिरफ्तारी हुई।
303 भगोड़े -
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 2019 से हमने भगोड़ों को भारत वापस लाने का विशेष प्रयास शुरू किया और अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को वापस लाया जा चुका है, जिससे हमारे देश की सुरक्षा मजबूत हुई है।
शाह ने कहा कि आतंकवाद, संगठित अपराध और ड्रग्स की समस्याओं को यदि हमें जड़ से खत्म करना है, तो विदेश में पनाह लिए बैठे दोषियों और सरगनाओं को भारतीय अदालतों के सामने लाना जरूरी है।
अमित शाह ने कहा कि हमने आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेन्स’ की नीति अपनाई है और इसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।
पीएफआई नेटवर्क ध्वस्त-
गृह मंत्री ने कहा कि कट्टरता का मुकाबला करने के लिए सितंबर 2019 में एकीकृत कार्ययोजना तैयार की गई। सितंबर 2022 में पीएफआई नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। भारत की पुलिस का संयुक्त अभियान कितना प्रभावी हो सकता है, इसका बड़ा उदाहरण पीएफआई नेटवर्क का ध्वंस है। एक ही रात में 11 राज्यों में एक साथ कार्रवाई कर पूरे पीएफआई नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया और उसकी रीढ़ तोड़ दी गई। पीएफआई नेटवर्क को ध्वस्त करने से हमने आने वाले समय में देश के सामने आने वाली कई गंभीर समस्याओं को पहले ही समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि पीएफआई नेटवर्क का विध्वंस आने वाली कई घटनाओं की समाप्ति का सूत्र है।
मल्टी एजेंसी सेंटर -
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मल्टी एजेंसी सेंटर (एमएसी) की कार्यप्रणाली को पुनर्गठित किया गया है। साइबर सुरक्षा, नार्कोटिक्स, संगठित अपराध नेटवर्क तथा उभरते कट्टरवादी हॉटस्पॉट को उसके दायरे में लाया गया है। नेशनल मेमोरी बैंक की स्थापना की गई और केंद्रीय डेटाबेस बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इसी दौरान एनआईए की न केवल कानूनी शक्तियाँ बढ़ाई गईं, बल्कि उसका राष्ट्रीय स्वरूप भी विस्तारित किया गया। एनआईए को विदेश में अवस्थित भारतीयों के हितों की रक्षा के लिए जाँच का अधिकार प्रदान किया गया। आतंकवाद के महिमामंडन पर प्रतिबंध लगाया गया। आतंकवादियों की फंडिंग को नियंत्रित करने के लिए 25 सूत्रीय एकीकृत योजना बनाई गई, जिसकी निगरानी प्रभावी ढंग से हो रही है।
तीन बड़े हॉटस्पॉट में शांति-
उन्होंने कहा कि तीन बड़े हॉटस्पॉट में शांति स्थापित करने के साथ-साथ पीएफआई, शहजाद भट्टी जैसे नेटवर्क को समाप्त किया गया, विदेशी भगोड़ों को वापस लाने की वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित की गई, सीमा सुरक्षा की नई व्यापक अवधारणा लागू की गई, सीमा पर अवैध धार्मिक संरचनाओं को पूरी तरह हटाया गया और आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया। इन सभी मोर्चों पर हमने एक साथ और प्रभावी ढंग से काम किया है।
इस अवसर पर केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार, गृह सचिव श गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक डॉ. महेश दीक्षित, गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) आनंद स्वरूप और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक श राकेश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस सम्मेलन में राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आतंकवाद-निरोधक एजेंसियों के अधिकारी तथा कानून, फॉरेंसिक एवं प्रौद्योगिकी सहित संबद्ध क्षेत्रों के विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।
No comments:
Post a Comment