Tuesday, 12 November 2019

सिपाही वफ़ा करके तन्हा रह गए, कमिश्नर दगा दे गया, वकीलों ने शरीर, IPS ने मनोबल तोड़ा



सिपाही वफ़ा करके तन्हा रह गए, कमिश्नर दगा दे गया।
वकीलों ने पुलिस का शरीर, IPS ने मनोबल तोड़ दिया।

इंद्र वशिष्ठ
दो नवंबर को तीस हजारी कोर्ट  में कानून के राज की तो मौत हो गई। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर और आईपीएस अधिकारियों की मर चुकी इंसानियत और संवेदनहीनता की मौत भी उजागर हो गई है इससे पता चलता है कि दिल्ली पुलिस अनाथ हो गई है।
पुलिस अफसरों की नजर में अपने मातहतों का मूल्य सिर्फ हुक्म बजाने वाले गुलाम जितना हैं। पुलिस बल का मुखिया अपने पिटे हुए जवानों का हाल जानने तक नहीं जाएं तो यही कहा जाएगा कि पुलिस बल बेसहारा और अनाथ हो गया है।
वकीलों की पिटाई से भी कहीं ज्यादा पुलिस बल में इसी बात का दुःख और गुस्सा है कि उनके कप्तान यानी पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक ने उनके साथ मारपीट करने वाले वकीलों के खिलाफ कार्रवाई करने का अपना कानूनी दायित्व निभाने की हिम्मत तो दिखाई ही नहीं। उन्होंने घायल पुलिस वालों से हमदर्दी जताने और पुलिस वालों के हाल पूछने जाने की इंसानियत भी नहीं दिखाई।
पुलिस बल का यह रोष 5 नवंबर को  पुलिस मुख्यालय के बाहर कमिश्नर और अन्य आला अफसरों के सामने फूट पड़ा।
 7 नवंबर को पुलिस कमिश्नरऔर डीसीपी मोनिका भारद्वाज  पुलिस वालों का हाल जानने गए।

मातहत वफ़ा करके भी तन्हा रह गए।-

पुलिस कमिश्नर ही नही उत्तरी जिला की डीसीपी मोनिका भारद्वाज तो अपने आपरेटर सिपाही संदीप का हाल जानने तक नहीं गई।
आपरेटर संदीप ने अपना यह दर्द अपने साथी के साथ फोन पर बयां किया है। संदीप की फोन पर हुई बातचीत का एक आडियो वायरल हुआ । 
जिससे पता चलता हैं कि पुलिस के आला अफसर कितने गैर जिम्मेदार और संवेदनहीन हो गए है।
संदीप ने हाल पूछने वाले अपने साथी को बताया कि  अब तक आफिस से भी उसका हाल पूछने के लिए  फोन तक नहीं आया।

"जिस मैडम मोनिका भारद्वाज के लिए इतना पिटा उस मैडम को तो यह भनक भी नहीं कि उसके  आपरेटर को कितनी चोट लगी और कहां लगी है।"


संदीप ने बताया कि कुछ तो मैडम को बचाने के चक्कर में और कुछ अपनी पिस्तौल बचाने के चक्कर में पिटा। 
रोते-रोते संदीप ने बताया कि नौकरी से मन बिल्कुल उठ गया। 
वहशी हुए वकील-
वकीलों ने जूतों, बेल्ट और लोहे की रॉड से इतनी बुरी तरह मारा कि उसके शरीर के अंग-अंग में दर्द हो रहा है। इसके अलावा अंदरुनी गुमचोट भी इतनी है कि बिस्तर पर पड़ा रोता रहता हूं। बेहोश होने के बाद भी वकील उसके मुंह पर जूते मारते रहे।
संदीप के कंधे की हड्डी ,पसलियों में चोट लगी और सिर में भी टांके लगे।
संदीप ने यह भी बताया कि अमित नामक सिपाही को भी न केवल बुरी तरह पीटा गया बल्कि उसकी पिस्तौल भी लूट ली गई।

संदीप ने आपा नहीं खोया।--

इतनी बुरी तरह पिटने के बावजूद संदीप ने अपना आपा नहीं खोया। वर्ना वह अपने बचाव में हमला करने वालों पर गोली भी चला सकता था। ऐसे हालात में उसके द्वारा गोली चलाने को जायज़ ही ठहराया जा सकता था। संदीप की बजाए कोई आम आदमी होता तो वह  हमला करने वाले पर गोली चलाने में ज़रा भी देर नहीं करता। दूसरी ओर कानून के ज्ञाता कुछ ऐसे वकील है जिन्होंने मामूली-सी बात पर आपा खो दिया और कानून हाथ में लेकर बिरादरी को शर्मसार कर दिया।

मातहत बलि का बकरा-

इस मामले से एक बात यह भी पता चलती हैं कि पुलिसवालों के दिमाग में कहीं न कहीं यह डर है कि हिंसा और आगजनी करने वाले हमलावरों पर काबू पाने और आत्मरक्षा में गोली चलाने के पर्याप्त/ जायज़ कारण होने के बावजूद भी अगर उन्होंने  गोली चलाई तो आला अफसर उल्टा उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। यह डर सही भी लगता है क्योंकि पुलिस अफ़सर ऐसा कुछ होते ही अपनी कुर्सी बचाने के लिए सबसे पहले मातहत को बलि का बकरा बनाते हैं।

इस वजह से वह वह बुरी तरह पिटने को मजबूर हो जाते हैं। पुलिस के हथियार को भी लुटने से बचाने के लिए अपनी जान ख़तरे में डाल देते हैं।

इतनी बुरी तरह पिटने वाले पुलिस वालों का पता लेने अगर उसके आला अफसर भी नहीं जाते तो उसका दुःख तो बढ़ता ही हैं पूरे पुलिस बल का मनोबल भी गिरता हैं।

IPS संवदेनहीन-

पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक हो या डीसीपी मोनिका भारद्वाज या अन्य आईपीएस अफसर इस मामले से इन सबका ग़ैर ज़िम्मेदार और संवेदनहीन चेहरा उजागर हुआ है। जिस पुलिस बल के मुखिया और आईपीएस अफसरों में इतनी भी इंसानियत नहीं है वह उस पद बने रहने के बिल्कुल भी लायक़ नहीं है। 
कर्तव्य पालन करते हुए घायल हुए अपने मातहत पुलिस वालों का हाल जानने तक यह अफसर नहीं गए तो अंदाजा लगाया जा सकता हैं कि आम आदमी की पीड़ा को यह भला कैसे समझेंगे। 

मोनिका भारद्वाज से बदसलूकी-

संदीप के आडियो से ही पता चलता हैं कि जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज के साथ वकीलों ने बहुत ही बदसलूकी की। संदीप ने बताया कि मोनिका भारद्वाज के साथ न केवल धक्का मुक्की की गई, कंधे से खींचा गया, खूब गंदी गंदी गालियां दी गई।
जिला पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त हरेंद्र सिंह को गिरा गिरा कर बेल्ट से मारा गया।

सहपाठी ने मारा-
संदीप के अनुसार उसे सबसे पहला डंडा उस वकील ओमकार ने मारा जो स्कूल-कालेज में उसका सहपाठी था। सहपाठी को बचाना तो दूर उस पर हमला कर उसने इंसानियत को शर्मसार किया।

आईपीएस अफसर ही डर गया तो समझो मर गई पुलिस -

आईपीएस अफसर आम आदमी से अपेक्षा करते हैं कि वह अपराध और अपराधियों से निपटने में पुलिस की मदद करें।
लेकिन वह खुद अपराधियों के शिकार होने के बावजूद उनके खिलाफ शिकायत तक दर्ज कराने की हिम्मत नहीं दिखाते।
डीसीपी मोनिका भारद्वाज से बदसलूकी की बात जगजाहिर हो गई। लेकिन मोनिका भारद्वाज ने वकीलों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं कराई।
घटना के कई दिनों बाद डीसीपी मोनिका भारद्वाज ने मीडिया से कहा कि इस मामले में हाईकोर्ट ने न्यायिक जांच के आदेश दिए और वह वहां पर इस बारे में बताएंगी।
 घटना दो नवंबर को हुई थी और न्यायिक जांच के आदेश तीन नवंबर को दिए गए हैं। 
पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक और डीसीपी मोनिका भारद्वाज क्या यह बता सकते हैं कि दो नवंबर से लेकर तीन नवंबर की सुबह तक पर्याप्त समय होने के बावजूद बदसलूकी के मामले की एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की
 गई ? 
आईपीएस जैसे ताकतवर पद पर मौजूद महिला द्वारा बदसलूकी की रिपोर्ट दर्ज न कराने से समाज में गलत संदेश जाता हैं। 
बदसलूकी की शिकार कमजोर आम महिला ऐसे में किसी ताकतवर आरोपी के खिलाफ  रिपोर्ट दर्ज कराने की हिम्मत कैसे करेगी।

मातहत ही भाग जाएगा तो मारे जाओगे-

आईपीएस अफसरों को ध्यान रखना चाहिए कि जो मातहत तुमको बचाने के लिए अपनी जान ख़तरे में डाल सकता हैं। उसका तुम हाल भी नहीं पूछोगे तो एक दिन वहीं मातहत हिंसक भीड़ में तुमको अकेला छोड़ कर भाग जाएगा तो तुम्हारा क्या हश्र होगा।


कमिश्नर ही नही डीसीपी भी कसूरवार-

क्या पुलिस कमिश्नर बता सकते हैं कि साकेत कोर्ट में  सिपाही की वकील  द्वारा पिटाई   के मामले में वह धृतराष्ट्र क्यों बन गए ?
वैसे इस मामले में कमिश्नर के अलावा दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अतुल ठाकुर भी कसूरवार हैं।  सिपाही की पिटाई का इतना मजबूत सबूत होने के बावजूद उन्होंने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर अपने कर्तव्य का पालन क्यों नहीं किया ?
अगर ऐसे  मामले में भी पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद ही एफआईआर दर्ज की जानी है तो जिला पुलिस उपायुक्त के पद पर आईपीएस अफसरों को लगाने की जरूरत ही क्या है। 
मोनिका भारद्वाज को अपने साथ हुई बदसलूकी की रिपोर्ट तुरंत दर्ज करानी चाहिए थी।
इस तरह सिपाही के साथ मारपीट की रिपोर्ट भी तुरंत दर्ज की जानी चाहिए थी। इन दोनों अफसरों को बिना डरे अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए था।

अमूल्य पटनायक का नाम इतिहास में दर्ज-

 दिल्ली पुलिस का मुखिया इस समय एक ऐसा व्यक्ति है जो अब तक का सबसे कमजोर/ सुस्त/नाकारा कमिश्नर हैं। इस कमिश्नर के समय में सिपाही से लेकर आईपीएस तक  पिटने लगे हैं। अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने और दिल्ली वालों को सुरक्षित माहौल देने में तो कमिश्नर पहले ही फेल हो गया है।
अमूल्य पटनायक को ऐसे कमिश्नर के रूप में याद किया जाएगा जिसके समय पुलिस वालों को इंसाफ के लिए पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन करना पड़ा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद मनोज तिवारी द्वारा उत्तर पूर्वी जिले के तत्कालीन पुलिस उपायुक्त अतुल ठाकुर की गिरेबान पकड़ने और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा को धमकाने की घटना  मीडिया के माध्यम से दुनिया ने देखी।उस मामले में भी एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई। 
पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक आंख मूंद कर बैठ गए। हालांकि इसके लिए आईपीएस अफसर भी दोषी हैं वह अपने साथ हुई बदसलूकी के मामले में कार्रवाई करने के लिए खुद सक्षम है फिर भी कार्रवाई के लिए पुलिस कमिश्नर का मुंह देखते रहते हैं।
अफ़सोस की बात है कि आईपीएस अफसर अपने साथ हुई बदसलूकी की रिपोर्ट तक दर्ज कराने की हिम्मत नहीं करते।
इन अफसरों को समझना चाहिए कि जब तुम अपने मामले में भी खुद एफआईआर दर्ज  कराने की हिम्मत नहीं दिखाते तो कमिश्नर भला तुम्हारे लिए क्यों सोचेंगे।  इसके साथ ही यह भी सच है कि जब सक्षम  होने के बावजूद कमिश्नर अपने मातहत अफसरों के लिए खुद कुछ नहीं करेगा तो भला गृहमंत्री  क्यों परवाह करेंगे।
अगर डीसीपी, कमिश्नर अपने अपने कर्तव्य का बिना डरे ईमानदारी से पालन करते तब ही गृहमंत्री पर भी असर पड़ता हैं।

लेकिन होता यह कि एस एच ओ से लेकर कमिश्नर तक सभी  सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने की कोशिश में रहते है। इस चक्कर में पुलिस का बंटाधार कर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक को  पुलिस का मनोबल गिराने वाले कमिश्नर के रूप में याद किया जाएगा।

कमिश्नर शर्म करो-

कमिश्नर को शर्म  आनी चाहिए कि जो काम उनको खुद पहले करना चाहिए था उसके लिए भी उप राज्यपाल को कहना पड़ा।

उप राज्यपाल ने 5 नवंबर को पुलिस कमिश्नर से कहा कि घायल पुलिस वालों का मनोबल बढ़ाने और उनके परिजनों में विश्वास बहाली के लिए वरिष्ठ अफसर खुद उनके घर जाकर उनकी कुशलता की जानकारी लें। 
इसके बाद पुलिस कमिश्नर आदि घायलों से जाकर मिले।


 आईपीएस की गुंडागर्दी-

दिल्ली में हालात इतने ख़राब हो गए हैं कि अपराधी ही नहीं नेता और वकील भी पुलिस अफसरों तक को पीट देते हैं। दूसरी ओर गुंडों की तरह आईपीएस इंस्पेक्टर को पीट देता है।

नई दिल्ली जिला के तत्कालीन पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने इंस्पेक्टर कर्मवीर मलिक की पिटाई की। इंस्पेक्टर ने हिम्मत करके शिकायत भी की लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
यह सब देख कर कमिश्नर आंख बंद किए रहते है।
कमिश्नर और ऐसे आईपीएस अफसर अपनी हरकतों से  आईपीएस पद पर ही कलंक लगा रहे हैं।
इन सब की मुख्य वजह है पुलिस में व्याप्त भ्रष्टाचार और महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए राज नेताओं के तलुए चाटना हैं।  नेता आईपीएस को भी गुलाम की तरह ही समझते है। इसलिए नेता की आईपीएस अफसरों को धमकाने और गिरेबान पकड़ने की हिम्मत हो जाती हैं। बदसलूकी करने वाले नेता के खिलाफ कार्रवाई न करके पुलिस कमिश्नर और आईपीएस खुद यह साबित कर देते हैं कि वह नेता के गुलाम/ लठैत से ज्यादा कुछ भी नहीं है।

दूसरी ओर ऐसे आईपीएस भी होते हैं जो अपने मातहत को गुलाम की तरह समझते हैं मातहतों को जलील  करते रहते हैं अब तो हद पार कर दी मातहतों को पिटने तक लगे हैं।
दूसरी ओर थाना  स्तर पर पुलिस वाले आम आदमी से सीधे मुंह बात तक नहीं करते और आम आदमी को पीट भी देते हैं।

पुलिस में जबरदस्त भ्रष्टाचार के कारण ही पुलिस की छवि खराब है इसलिए पुलिस का इकबाल/ दबदबा भी खत्म हो गया है। आज़ आलम यह है कि आम आदमी में पुलिस का खौफ है और अपराधी बेख़ौफ़ हैं। 

पुलिस में व्याप्त भ्रष्टाचार और मातहत के ख़राब व्यवहार के लिए पूरी तरह से आईपीएस जिम्मेदार हैं।

कुछ दिन पहले एक विशेष पुलिस आयुक्त के दफ्तर में  संयुक्त आयुक्त स्तर के एक आईपीएस अफसर ने कहा कि आईपीएस तो ईमानदार ही होते हैं। उन्होंने इस बारे में मेरी राय पूछी ।
मैंने उनको छोटा-सा ताजा उदाहरण दिया कि  कुछ दिन पहले ही डीसीपी चिन्मय बिस्वाल और डीसीपी एंटो अलफोंस ने अपने अपने अपने जिले में पत्रकारों और पुलिस के लिए क्रिकेट मैच कराए थे। जाहिर सी बात हमेशा कि तरह इन आयोजनों के लिए एस एच ओ ने ही इंतज़ाम किए होंगे। इन आयोजनों पर कोई एस एच ओ अपने वेतन में से तो इंतजाम करता नहीं है। 
अपने शौक और अन्य निजी कार्यों  के लिए एस एच ओ से पैसा खर्च करवाने वाले आईपीएस को ईमानदार कैसे माना जा सकता हैं।  ऐसे अफसरों के कारण भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। आईपीएस अफसर के भ्रष्ट होने से मातहत में उसका सम्मान और डर खत्म हो गया है। इस वजह से मातहत भी निरंकुश हो गए हैं।
आईपीएस को शायद यह अंदाजा नहीं है कि आज वह जो बीज बो रहे उसका फल एक दिन उनको भी भुगतना पड़ेगा।
यानी जिन मातहतों से  अपने निजी कार्यों के लिए पैसा खर्च कराते हो वह एक दिन इतने निरंकुश हो जाएंगे कि आईपीएस को भी पिटने लगेंगे। अभी तक इनकी निरंकुशता का  शिकार आम आदमी ही होता हैं।
उत्तर पश्चिम जिला की तत्कालीन डीसीपी असलम खान के बारे में पुलिस कमिश्नर कार्यालय में तैनात हवलदार देवेंद्र ने फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक ने हवलदार के खिलाफ तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की।
इससे पुलिस में बढ़ती  निरंकुशता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आज़ के ऐसे माहौल में एक आशंका यह भी है कि आने वाले समय में पुलिस के भ्रष्टाचार और अत्याचार से परेशान आम आदमी भी पुलिस पर पलट कर वार करने लगेगा। 

IPS आदर्श पेश करें तो पुलिस सुधरेगी-

आईपीएस या अन्य पुलिस अफसर ईमानदार हैं या नहीं इसका पता इस बात से लगाया जा सकता है है कि वह अपना काम कितनी ईमानदारी से करता है। जो पुलिस अफसर अपराध के मामले ही दर्ज न करें वह तो बेईमान होने के साथ-साथ अपराधी भी है। अपराध दर्ज न करने से तो एक तरह से अपराधी को ही फायदा पहुंचाया जाता हैं। अपराधी की मदद करने वाले ऐसे पुलिस वाले अपराधी ही माने जाने चाहिए।
कर्तव्य पालन के अलावा पुलिस अफसरों के आचरण और व्यवहार से पता चलता है कि कोई अफसर ईमानदार हैं या नहीं।
इसका पता छोटी-छोटी बातों से चल जाता हैं।
पुलिस में ऐसे अनेक कार्यक्रम होते हैं जिनके इंतजाम की जिम्मेदारी एस एच ओ को करनी होती हैं। अफसर अगर उस आयोजन के लिए एक रुपया भी थाने वालों से ख़र्च करने को कहता है तो वह भी बेईमान ही माना जाएगा। क्योंकि थाने वाले वसूली करके ही तो पैसे का इंतजाम करेंगे।
कोई भी ईमानदार अफसर होगा तो वह सिर्फ पुलिस से संबंधित अपने काम से ही मतलब रखेगा। वह अपने मातहत से अपने  निजी कार्यों पर एक रुपया भी खर्च नहीं करवाएगा।

तत्कालीन डीसीपी रोमिल बानिया ने तो अपने कुत्तों के लिए डीसीपी दफ्तर में कमरे बनवा लिए थे और कुत्तों की सेवा में मातहत को लगा दिया था। भ्रष्टाचार का यह मामला उजागर होने के बाद भी पुलिस कमिश्नर ने कोई कार्रवाई नहीं की।

इसलिए कमिश्नर और आईपीएस अफसरों को अपना आचरण ऐसा करना चाहिए जिसका असर नीचे तक पड़े।





Thursday, 7 November 2019

पुलिस के पाप गिनवाने से वकीलों के पाप कम नहीं हो जाते। लाख कमियों के बावजूद पुलिस पर भरोसा, टकराव ख़तरे की घंटी





पुलिस-वकील टकराव ख़तरे की घंटी।
लाख कमियों के बावजूद पुलिस पर भरोसा।

इंद्र वशिष्ठ
पुलिस निरंकुश हैं भ्रष्ट हैं, आम आदमी से सीधे मुंह बात तक नहीं करती है। बेकसूर पर भी हाथ छोड़ना अपना अधिकार समझती हैं। पुलिसवाले संगीन अपराध तक में शामिल पाए जाते हैं।
आम आदमी आज़ भी अकेला थाने जाते हुए डरता है। पुलिस लुटे पिटे लोगों की रिपोर्ट तक आसानी से नहीं लिखती हैं। 
प्रधानमंत्री की भतीजी लुटी,जज साहब का मोबाइल लुटा तो तुरंत लुटेरों को पकड़ लिया। लाखों लोगों के चोरी हुए या लुटे मोबाइल बरामद करने में पुलिस की बिल्कुल रुचि नहीं हैं।
आपके साथ, आपके लिए, सदैव,। सिटीजन फर्स्ट और शांति- सेवा-न्याय  की बातें  सिर्फ एक नारा बन कर रही गई है। 
पुलिस के व्यवहार से तो यही लगता है कि वह सिर्फ वीवीआईपी, नेताओं, रसूखदार प्रभावशाली लोगों और अपराधियों के लिए ही है। लूट के मामलों को दर्ज न करके पुलिस एक तरह से लुटेरों की मदद करने का अपराध तक कर रही हैं।
 लुटेरे बेख़ौफ़ हैं महिलाएं हो या पुरुष कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं है। 
पुलिस का ध्यान  सिर्फ और सिर्फ दिन-रात  वसूली में ही रहता हैं। 
पुलिस आम आदमी की शिकायत पर आसानी से कार्रवाई करना तो दूर उससे ढंग से बात तक नहीं करती है।

पुलिस व्यवहार सुधारें--

पुलिस का ख़राब व्यवहार और भ्रष्टाचार ये दो ऐसे मुख्य कारण है जिसके कारण पुलिस की छवि दिनों दिन ख़राब होती जा रही है।
पुलिस के ऐसे व्यवहार के कारण ही आम आदमी में वकीलों द्वारा पीटे जाने पर भी पुलिस के प्रति हमदर्दी बहुत ही कम है। हालांकि लोग यह तो चाहते हैं कि कानून हाथ लेने वाले वकीलों को सज़ा ज़रूर मिलनी चाहिए।
पुलिस कमिश्नर, आईपीएस अफसरों से लेकर सिपाही तक को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और पुलिस के व्यवहार को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। 

लाख बुराईयां पर फिर भी भरोसा-

पुलिस में चाहे लाख बुराईयां है पुलिस की आलोचना भी जमकर होती है। लेकिन फिर भी एक बात तय है कि कहीं न कहीं लोगों का भरोसा पुलिस पर ही है। 
पुलिस के होने का अहसास ही लोगों में सुरक्षा की भावना भर देता है।

कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाना तो पुलिस का मुख्य कार्य है ही। इसके आलावा मामूली से मामूली मामले में पुलिस को ही मददगार के रूप में याद किया जाता है। कहीं पर कोई भी समस्या/ संकट हो , कोई ग़लत हरकत या बदसलूकी करता है तो हरेक के मुंह से सबसे पहले यहीं निकलता है कि पुलिस को बुला लो। अभी इसकी सारी अकड़ निकल जाएगी।

जैसा समाज वैसी पुलिस-वकील-

माना कि पुलिस बुरी है लेकिन है तो वह भी इसी समाज का ही हिस्सा। जो बुराईयां समाज में मौजूद हैं वहीं पुलिस में है।  आज़ अगर हमारे साथ कोई बदसलूकी करें तो हम चाहते हैं कि पुलिस उसकी ऐसी पिटाई करें कि वह हमेशा याद रखें। लेकिन जब किसी अन्य के मामले में पुलिस किसी की पिटाई कर दें तो पुलिस पर कानून हाथ में लेने और बर्बरतापूर्ण कार्रवाई का आरोप लगा देते हैं।
समस्या समाज के दोगलेपन की भी है। जैसे नेता जब विपक्ष में होते हैं तो वह पुलिस पर अत्याचारी, भेदभाव करने वाली, भ्रष्ट होने के आरोप लगाते हैं। वहीं नेता सत्ता में आने पर पुलिस का इस्तेमाल अपने ग़ुलाम और लठैत की तरह करते हैं।
अपने मामले में सब चाहते हैं कि पुलिस कानून अपने हाथ में लेने से भी न हिचकचाए। वहीं पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग करें तो उसे अपराधी माना जाता हैं।
समाज में भी तो बुरे और दुष्ट लोग हैं अगर समाज में बुरे लोग न होते तो पुलिस की भला जरुरत ही क्या  होती। इसलिए जैसा समाज वैसी ही पुलिस और वैसे ही वकील है। सभी पेशों में अच्छे-बुरे दोनों तरह के लोग होते हैं। 

 पुलिस के अपराध/ पाप गिनवाने से वकीलों के अपराध/ पाप कम नहीं हो जाते।-

इस मामले में कुछ लोग बड़े ही हास्यास्पद तर्क दे रहे हैं कि पुलिस ने गोली क्यो चलाई ?
सबसे पहली बात पुलिस को गोली चलाने का हिसाब और जवाब अपने महकमे और सरकार को देना ही होता है। ऐसा नहीं कि पुलिस वाले का मन किया तो गोली चला दी और उससे कोई पूछने वाला नहीं है। 

सैकड़ों वकीलों की हिंसक भीड़ पुलिस वालों पर हमला कर रही हो पिस्तौल तक लूट ले तो ऐसे में हथियार क्या पुलिस को दिखाने के लिए दिया जाता हैं?
आगजनी , तोड़फोड़ कर रही हिंसक भीड़ पर गोली चला कर ही काबू पाया जा सकता हैं और काबू पाया भी गया। 
पुलिस ने हवा में गोली चलाई तभी हमलावर "बहादुर"  सिर पर पैर रखकर भागे। वर्ना यही सैकड़ों वकील गिने चुने पुलिस वालों को घेर कर बेरहमी से पीट पीट कर अपनी बहादुरी/ मर्दानगी दिखाते रहते। पुलिस लाठीचार्ज और गोली नहीं चलाती तो वकीलों के हाथों कब तक पीटती रहती।
पुलिस हिंसक भीड़ को खदेड़ने के लिए यदि पहले ही गोली चला देती तो हालात पर पहले ही काबू पाया जा सकता था।
पुलिस ने गोली चलाने का विकल्प अंत में इस्तेमाल किया।

दूसरी बात भीड़ पर पहले पानी की बौछार ( वाटर कैनन), आंसू गैस, लाठी चार्ज और सबसे अंत में गोली चलाने की पूरी प्रक्रिया का पालन उस हालात में किया जाता हैं जब कोई समूह पहले से प्रदर्शन करने की सूचना पुलिस को देता है। यहां तो अचानक किया गया हिंसक हमला था ऐसे में पुलिस पिटते हुए पहले क्या वाटर कैनन की गाड़ी मंगवाती।


पुलिस ने आपा नहीं खोया।

डीसीपी मोनिका भारद्वाज के आपरेटर का एक आडियो वायरल है जिससे पता चलता हैं कि बुरी तरह पिटने के बावजूद उसने अपनी पिस्तौल तक नहीं निकाली। बल्कि उसे डर सता रहा था कि वकील पिस्तौल न लूट लें। 
उस पुलिसवाले ने  जितना बर्दाश्त किया कोई भी आम आदमी बिल्कुल नहीं करता। अगर किसी आम आदमी या बदमाश के पास पिस्तौल है तो आप उसे पीटना तो दूर गाली भी देने की हिम्मत नहीं कर सकते। लेकिन उस  जिम्मेदार पुलिस वाले ने अपना आपा नहीं खोया। इसलिए उसने बुरी तरह पिटते हुए भी गोली नहीं चलाई। अगर वह पुलिस वाला गोली चला भी देता तो हालात के हिसाब से बिल्कुल जायज माना जाता। सबको आत्मरक्षा करने का अधिकार है।

अपनी रक्षा करना धर्म है।

दूसरा धर्म के हिसाब से भी देखा जाए तो
जिस गीता पर हाथ रखवा कर अदालत में भी शपथ दिलाई जाती हैं। उसमें में तो यहां तक कहा गया है अपना अनिष्ट करने के लिए आते हुए आततायी को बिना विचार किए मार देना चाहिए। आततायी को मार देने से मारने वाले को पाप नहीं लगता है।‌ आग लगाने वाला, जान लेने को उतारू को आततायी की श्रेणी में रखा गया है। 
ऐसे में कानून हाथ में लेने वाला चाहे पुलिस वाला हो या वकील दोनों अपराधी के साथ-साथ  आततायी कहलाएंगे।  

महिला डीसीपी से बदसलूकी-
डीसीपी मोनिका भारद्वाज के साथ बदसलूकी करने वाले वकीलों की पहचान करके उनकी फोटो मीडिया में दी जानी चाहिए। जिससे पता चले कि इनकी नज़र में महिलाओं का कितना सम्मान हैं। उन वकीलों के परिजनों को भी मालूम चले कि उनके संस्कारी  बहादुर पति/बेटे/पुत्र  की नजर में महिलाओं के लिए कितना सम्मान हैं। ऐसी हरकत करने वालों ने अपनी परवरिश और संस्कारों का ही परिचय दिया है।
कानून की धज्जियां उड़ाने वाले पुलिस को  कानून बता रहे हैं।

वकील कह रहे है कि पुलिस वालों का प्रदर्शन ग़ैर क़ानूनी हैं। वकील साहब यह गैर कानूनी है या नहीं यह तो सरकार देख लेगी इसके लिए वकीलों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
दूसरी बात  अपनी समस्याओं को लेकर अपने पुलिस कमिश्नर से मिलने पुलिस मुख्यालय जाना क्या गैर कानूनी और विद्रोह होता है ? अपनी बात कहने के लिए यह चाहें तो गृहमंत्री और प्रधानमंत्री तक भी जा सकते हैं।
सबसे अहम बात पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने वाले लोग कानून हाथ में लेने वाले वकीलों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग क्यों नहीं कर रहे। 
पुलिस के अपराध गिनवाने से वकीलों को माफ़ी नहीं मिल सकती ।
वकीलों को भी यह तो मालूम ही होगा कि
अदालत तो पुलिस के अपराध पर पुलिस को और वकीलों के अपराध के आधार पर वकीलों को सज़ा सुनाएगी। एक दूसरे के पाप गिनवाने से किसी के पाप कम नहीं हो जाते‌ और ना ही इस आधार पर अदालत किसी को माफ़ करती है।

वेश्या के साथ किया गया बलात्कार भी अपराध ही होता है। बलात्कारी के इस तर्क से  कानून उसे माफ़ नहीं करता कि शिकायतकर्ता तो वेश्या हैं।

इंसाफ होना चाहिए --

वकीलों की संस्थाओं को इस मामले की गंभीरता को समझना चाहिए। कानून हाथ में ले कर अपराध कर पूरे पेशे पर दाग़ लगाने वालों की हिमायत बिल्कुल नहीं करना चाहिए। 
इन संस्थाओं को तो आदर्श पेश करना चाहिए ताकि लोगों में संदेश जाए कि वह गलत के साथ नहीं है। 

पुलिस वालों ने अपराध किया है तो उसके लिए अदालत सज़ा देगी ही। उनके खिलाफ तो  विभागीय कार्रवाई की भी व्यवस्था है

इस मामले में इंसाफ का तकाज़ा यहीं हैं कि कानून हाथ में लेने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। फिर चाहे वो खाकी वर्दी वाले हो या काले कोट वाले।

जागो आने वाले ख़तरे को महसूस करो।-

इस मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को समझना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आशंका है कि आने वाले समय में तनातनी इतनी बढ़ जाएगी कि भयंकर ख़ून ख़राबे की नौबत आ सकती हैं।
मान लीजिए अगर ज़ज, राजनेता, वकीलों के दबाव या डर के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करते तो कानून हाथ में लेने वाले ओर निरंकुश हो जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश जेएस खेहर तक कह चुके हैं कि कोई
वकील अगर गलती करें तो भी पूरी जमात उसके साथ खड़ी होकर जजों को धमकाने लगती है। ऐसे में बेहतर होगा कि हम सुप्रीम कोर्ट ही बंद कर दें हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एस एन ढींगरा ने कहा कि जज वकीलों के खिलाफ कार्रवाई करने से डरते हैं। इससे ही यह आशंका पैदा होती हैं कि इस मामले में न्याय होगा या नहीं। 

वैसे पूरी घटना के वीडियो के माध्यम से पूरी दुनिया जान चुकी हैं कि कानून हाथ में लेकर किसने कानून की धज्जियां उड़ाई हैं।  

अगर इंसाफ नहीं मिलेगा तो पुलिस बल का मनोबल टूटेगा। इसका परिणाम यह भी हो सकता है कि निरंकुश वकील फिर कोई हरकत करेंगे तो पुलिस के अंदर दबी हुई चिंगारी आग का रुप ले सकती है जिसका परिणाम दोनों पक्षों और समाज के लिए अच्छा नहीं होगा।
इस मामले में ऐसा इंसाफ होना चाहिए कि जिसने भी कानून हाथ में लेने का अपराध किया है उसे सज़ा ज़रूर मिलनी चाहिए।  सही इंसाफ किए जाने ही से मामला सुलझेगा वर्ना अंदर ही अंदर चिंगारी सुलगती रहेगी।

पुलिस वकील मिलकर लड़े अपराध से।-

पुलिस और वकील आपराधिक न्याय व्यवस्था के आधार स्तम्भ है।
दोनों को अपनी ताकत और कानूनी ज्ञान का इस्तेमाल आपस में लड़ने की बजाए अपराध और अपराधियों से लड़ने के लिए करना चाहिए।
पुलिस और वकील ठान लें और ईमानदारी से प्रयास करें तो अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक नाकारा-

पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक और अन्य आईपीएस अफसरों के रवैए को लेकर पुलिस में जबरदस्त रोष है। पुलिस अफसर घायल पुलिस वालों का हाल जानने तक तुरंत नहीं  गए थे। अमूल्य पटनायक को ऐसे नाकारा कमिश्नर के रूप में याद किया जाएगा जिसके समय में खाकी मिल गई ख़ाक में। सिपाही से लेकर आईपीएस तक पिटने लगे। अमूल्य पटनायक ने पुलिस का बंटाधार कर दिया।

पुलिस के बारे में कहा जाता हैं कि वह रस्सी का सांप बना देती हैं।

वकीलों के बारे में अकबर इलाहाबादी का  मशहूर शेर है।

पैदा हुआ वकील तो शैतान ने कहा 
लो आज हम भी साहिब-ए-औलाद हो गए 




                                     SBT



Monday, 4 November 2019

खाकी की छाती पर काले कोट का तांडव, पुलिस में रोष,वकीलों की दादागिरी पर अंकुश की दरकार



खाकी की छाती पर काले कोट का तांडव।

इंद्र वशिष्ठ

तीस हजारी कोर्ट में आगजनी, हिंसा, मारपीट कर कानून हाथ में लेने वालों को सिर्फ गुंडे या अपराधी ही माना जाना चाहिए। गुंडागर्दी करने वालों को उसी तरह सज़ा मिलनी चाहिए जैसे किसी अन्य अपराधी को दी जाती।
कानून की नजर में इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि कानून हाथ में लेने वाले खाकी वर्दी में थे या काले कोट में।

वैसे कानून की नजर में सब सामान होते हैं। अपराध के आधार पर ही अपराधी को सज़ा दी जाती हैं।
लेकिन अक्सर देखा जाता हैं कि जांच करने वाले आरोपी के पेशे,रसूख आदि के प्रभाव में भी आ जाते हैं। यानी आरोपी खाकी वर्दी वाला, वकील,राज नेता ,रसूखदार/ प्रभावशाली, अल्पसंख्यक समुदाय आदि से हो तो उस मामले में पुलिस या अन्य जांच एजेंसियों द्वारा निष्पक्ष जांच की गुंजाइश कम हो जाती हैं। 
तीस हजारी कोर्ट में जो हुआ उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इस मामले में न्यायिक जांच बिठा दी है।
कानून हाथ में लिया कानूनविदों ने-

इस मामले जो भी जानकारी अब तक सार्वजनिक हुई है उसके आधार पर यह तो साफ़ है कि वकीलों को किसी भी सूरत में कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए था। 
हवालात का गेट तोड़ कर अंदर घुस कर पुलिस वालों को जमीन पर गिरा कर और दौड़ा दौड़ा कर बेरहमी से पीटना, वाहनों को आग लगाना, तोड़फोड़ करना साफ़ तौर पर संगीन अपराध ही तो हैं।

अफसोसजनक बात यह है कि कानून हाथ में ले कर  यह हरकत उन कुछ वकीलों द्वारा की गई जिन्हें कानून का ज्ञाता माना जाता है और जिन पर पीड़ित लोगों की बात अदालत में पेश कर न्याय दिलाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है।

ऐसी हरकत से उन्होंने अपने पेशे को तो शर्मसार किया ही है। इससेे यह भी पता चलता हैं कि कानून के ज्ञाता ऐसे वकीलों को ही नजर में कानून, संविधान की कीमत दो कौड़ी की भी नहीं है और उनको न्याय व्यवस्था पर तनिक भी विश्वास नहीं है।

घटना के बारे में जो बात सामने आई है उससे पता चलता है कि पुलिस ने एक वकील को हवालात के बाहर कार खड़ी करने से रोका। इस पर हुए विवाद ने ही जबरदस्त हिंसक बवाल का रुप ले लिया।
पुलिस ने उस वकील को हवालात में बंद कर दिया। वकीलों का आरोप है कि वकील की पिटाई भी की गई।
पुलिस और वकीलों  द्वारा एक दूसरे को दौड़ा दौड़ा कर पीटने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।


वकीलों द्वारा पुलिस पर लगाए गए सारे आरोपों को अगर सही भी मान लिया जाए तब भी वकीलों द्वारा कानून को हाथ में लेने को किसी भी तरह से जायज़ नहीं ठहराया जा सकता हैं। 
कानून के जानकार वकीलों को तो अपने कानूनी ज्ञान के माध्यम से गलत व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों को ऐसा कानूनी सबक सिखाना चाहिए था कि आगे अन्य कोई ऐसी हिम्मत नहीं करता।
लेकिन वकीलों ने तो कानून हाथ में लेकर दिखा दिया कि पुलिस, प्रशासन, कानून और न्याय व्यवस्था पर उनको भरोसा नहीं है।

इस मामले को शुरुआत से देखें और निष्पक्ष होकर विचार करें तो यह साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस पक्ष की गलती है।

पुलिस की कीमत दो कौड़ी भी नहीं -

पुलिस कर्मी ने जब वकील को कार हवालात के बाहर खड़ी करने से मना किया तो कानून के ज्ञाता वकील को क्या उस पुलिस कर्मी के आदेश/ निर्देश का पालन नहीं करना चाहिए था ?

पुलिस वाला वहां अपनी ड्यूटी निभा रहा था। लेकिन पुलिस के निर्देश का पालन नहीं करने से साफ़ है कि वकील की नजर में कानून व्यवस्था की रखवाली करने वाली पुलिस की कीमत दो कौड़ी की भी नहीं है। उसकी नज़र में कानून का कोई सम्मान नहीं है।

लगता है कि अहंकार के कारण वकील को एक अदना से पुलिस वाले की बात पर अमल करना गवारा नहीं हुआ। जबकि सच्चाई यह है कि पुलिस कर्मी का पद  चाहे कोई हो पुलिस वाले का मतलब होता हैं शासन का प्रतीक। कानून व्यवस्था और लोगों सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन तो सभी नागरिकों को करना ही चाहिए।

पर उपदेश कुशल बहुतेरे।-
यह बात इन वकीलों पर लागू होती है। दूसरों को कानूनी सलाह देने वालों ने खुद कानून का रास्ता छोड़ कर कानून हाथ में लेने का रास्ता अपनाया ।

वकील को अगर पुलिस ने हिरासत में ले कर हवालात में बंद कर दिया था।
वकीलों को लगा कि पुलिस की कार्रवाई ग़लत हैं तो उनको वरिष्ठ पुलिस अफसरों से इस मामले की शिकायत करनी चाहिए थी। वरिष्ठ पुलिस अफसर अगर उनकी बात पर ध्यान नहीं देते तो उनके पास पुलिस कमिश्नर और गृहमंत्री तक गुहार लगाने का रास्ता था। उपरोक्त स्तर पर वकीलों की शिकायत पर कार्रवाई न की जाए ऐसा असंभव है। लेकिन एक मिनट के लिए मान लें कि उपरोक्त स्तर पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती तो वकीलों के पास कोर्ट में गुहार लगाने का रास्ता  तो था ही। 
यही रास्ता तो वकील ऐसे ही मामले में अपने क्लांइट को दिखाया करते हैं। 

वकीलों ने अगर यह प्रक्रिया अपनाई होती तो बवाल होता ही नहीं।

पुलिस चुपचाप पिटती रहती ?-

वकील हवालात का गेट तोड़ अंदर घुस गए और पुलिस वालों को पीट पीट कर अधमरा कर दिया। वाहनों को आग लगा दी। ऐसे में पुलिस अपने बचाव में और हिसंक भीड़ को खदड़ने के लिए लाठीचार्ज नहीं करती तो क्या चुपचाप पीटती रहती ?
पुलिस अनुशासित बल है और उसकी हर कार्रवाई की जबावदेही तय है।  सोचो पिटते हुए पुलिस वालों ने अगर संयम से काम नहीं लिया होता और खुल कर फायरिंग कर दी होती तो कितना ख़ून ख़राब हो जाता। 

दूसरी ओर कुछ ऐसे वकील हैं जिन्होंने एक वकील को हिरासत में लेने की बात पर ही संयम खो दिया और कानून अपने हाथ में ले लिया। 

पुलिस हो या वकील किसी के भी द्वारा  किसी को पीटना अपराध है और किसी भी सूरत में जायज़ नहीं ठहराया जा सकता है।

कितनी अजीब बात है कि कानून की पढ़ाई करने वाले वकीलों को तो कानून की पूरी समझ होती हैं लेकिन इसके बावजूद उनके द्वारा ही कानून की धज्जियां उड़ाई गई। ऐसे वकीलों द्वारा खुद को नियम कायदों से ऊपर मान लिया जाता हैं।

ग़लत करने वाले का भी पूरी जमात साथ देती हैं।
कोर्ट के बाहर भी देखा जा सकता हैं। वकीलों की दादागिरी के डर से ट्रैफिक पुलिस वहां खड़ी वकीलों की कारों के चालान तक नहीं करती है। 

कानून के जानकार वकीलों को तो नियम कायदों का पालन कर कानून का सम्मान कर आदर्श पेश करने चाहिए। लेकिन कुछ ऐसे वकील होते है जो उल्टा अपने पेशे का रौब दिखाकर पूरे पेशे को बदनाम कर देते हैं। पुलिस हो या वकील हर पेशे में कुछ ऐसे लोग होते हैं जो अपनी हरकतों से पूरी बिरादरी को शर्मसार कर देते हैं।
ऐसे ही कुछ वकीलों ने मीडिया वालों के साथ भी लगातार दो दिनों तक बदसलूकी की।


लडैं बराबर रोवैं ज्यादा।

वकीलों ने कानून हाथ में लेकर पुलिस को पीट भी दिया आगजनी भी की। इसके बाद पुलिस पर ज़ुल्म करने का आरोप भी लगा दिया और पुलिस वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी कर दी।

इस मामले की न्यायिक जांच की जा रही हैं। एएसआई पवन और कामता प्रसाद को निलंबित भी कर दिया गया है। 
विशेष पुलिस आयुक्त संजय सिंह और उत्तरी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हरेंद्र सिंह का तबादला भी कर दिया गया है। 
लेकिन एक सवाल यह उठता है कि जांच पूरी होने से  पहले ही वरिष्ठ पुलिस अफसरों का तबादला करना क्या सही है?

दूसरी ओर वकीलों की संस्थाओं ने बिना किसी जांच के पुलिस को दोषी ठहराते हुए घटना की तो निंदा की,  लेकिन उन  वकीलों के कृत्य की निंदा नहीं की जिन्होंने कानून की धज्जियां उड़ाने में गुंडों को भी पीछे छोड़ दिया। जिनकी करतूत वायरल वीडियो में सारी दुनिया देख रही हैं।

वकीलों की संस्थाओं को बिना किसी भेद-भाव के यह मांग करनी चाहिए थी कि निष्पक्ष जांच जल्द से जल्द पूरी की जाए और कानून हाथ में लेने वालों वकीलों और पुलिस वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
वकीलों की संस्थाओं को अपने बीच मौजूद ऐसे निरंकुश वकीलों के खिलाफ अपने स्तर पर भी कार्रवाई करनी चाहिए जो कानून हाथ में लेकर पूरी जमात को बदनाम करते हैं। 

पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तो बकायदा नियम कायदों की पूरी व्यवस्था है जिसकी वजह से उन पर कड़ी कार्रवाई कर अंकुश लगाया जा सकता है। 

लेकिन ऐसे वकील तो किसी के प्रति जबावदेह नहीं है।

 पुलिस में रोष।-

इस मामले में  वरिष्ठ पुलिस अफसरों को जांच पूरी  होने से पहले हटा दिए जाने से पुलिस बल में रोष है। इससे पुलिस का मनोबल गिरता है।
तर्क यह दिया जाता है कि निष्पक्ष जांच के लिए तबादला ज़रुरी होता हैं।
क्या दो अफसरों के तबादले से ही जांच निष्पक्ष होना पक्का/तय है। मान लीजिए अगर पुलिस ने जांच प्रभावित ही करनी होगी तो पूरी पुलिस एक हो सकती हैं।  
दूसरा बिना जांच रिपोर्ट सामने आए कोई यह कह भी कैसे सकता हैं कि जांच प्रभावित की गई है या नहीं।
अगर अफसरों को हटाने से ही जांच निष्पक्ष होती है तो फिर सबसे पहले तो पुलिस कमिश्नर का ही तबादला किया जाना चाहिए था। पुलिस बल का मुखिया होने के नाते पुलिस कमिश्नर तो आसानी से जांच प्रभावित कर सकता है। 

पहले भी वकीलों के दबाव में आकर उत्तरी जिले की तत्तकालीन डीसीपी किरण बेदी का तबादला कर सरकार ने गलत परंपरा शुरू की थी। तबादले को वकीलों द्वारा अपनी जीत माना गया और वह पहले से ज्यादा निरंकुश हो गए।

गृहमंत्री अमित शाह संसद में भी पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने वाले भाषण देते हैं। अब देखना है कि वह इस मामले में पुलिस का साथ देकर अपनी बात पर कितने खरे उतरते हैं।

डरपोक जजों और राजनेताओं के कारण वकील हुए निरंकुश--

हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एस एन ढींगरा ने मीडिया से  इस मामले में  कहा है कि वकीलों को कभी भी और किसी भी हालात में क़ानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए।
किसी को घेर कर पीटना, गाड़ियों में आग लगाना, आगजनी करना कानून हाथ में लेना ही तो है। 

बवाल करना वकीलों का चरित्र-

वर्ष 1988 में भी एक वकील की गलती के कारण बवाल हुआ था।  एक वकील को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वकील की गिरफ्तारी से वकीलों ने तीस हजारी कोर्ट परिसर में हंगामा कर दिया था तत्कालीन डीसीपी किरण बेदी तक के साथ बदसलूकी की, घेराबंदी की। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
पूर्व न्यायाधीश का कहना है कि छोटे छोटे मुद्दों पर बवाल करना पूरे देश के वकीलों का चरित्र रहा है। 

जज और नेता जिम्मेदार-

पूर्व न्यायाधीश एस एन ढींगरा ने वकीलों के इस रवैये के लिए जजों और सरकारों को भी जिम्मेदार ठहराया है। जज इसके लिए जिम्मेदार हैं जो वकीलों के खिलाफ कार्रवाई करने से डरते हैं। राजनेता इसलिए जिम्मेदार हैं कि वे अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए इन्हें ऐसी हरकतों के बाद भी संरक्षण देते हैं।

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तक ने कहा वकील जजों को धमकाते हैं।-

सुप्रीम कोर्ट के तत्तकालीन मुख्य न्यायाधीश जेएस खेहर ने एक मामले में कहा कि कोई वकील अगर गलती करें तो भी पूरी जमात उसके साथ खड़ी होकर जजों को धमकाने लगती है। ऐसे में बेहतर होगा कि हम सुप्रीम कोर्ट ही बंद कर दें। वकील मोहित चौधरी ने कोर्ट रजिस्ट्री कार्यालय पर हेरा-फेरी का आरोप लगाया था। जिस पर मोहित को अवमानना का नोटिस भेजा गया था। इस मामले की सुनवाई के दौरान बड़े नामी गिरामी वकील और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी पेश हुए।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जब कोई वकील कोर्ट की अवमानना करता है तो वकीलों की पूरी जमात साथ खड़ी होकर उसका बचाव करती है। आप जजों को धमकाते हैं इकट्ठे होकर दबाव बनाते हैं। मन मुताबिक काम न हो तो कोई भी आरोप लगा देते हैं। हेरा-फेरी का आरोप लगा कर मोहित ने अदालत की अवमानना की है। ऐसे में माफी का सवाल ही नहीं उठता।

साकेत और कड़कड़डूमा कोर्ट में भी पुलिस कर्मी को पीटा-

सोमवार को कड़कड़डूमा कोर्ट में भी वकीलों द्वारा एक पुलिस वाले की पिटाई कर दी गई।
साकेत कोर्ट में वकील द्वारा मोटरसाइकिल सवार पुलिस कर्मी को पीटा गया।













Sunday, 20 October 2019

PM की भतीजी लुटी तो परिजनों की सादगी हुई उजागर। प्रधानमंत्री के परिजनों में भी सादगी मुमकिन है।



                            दमयंती बेन मोदी

लुटेरों के कारण मोदी के परिजनों की सादगी हुई उजागर।
प्रधानमंत्री के परिजनों में भी सादगी मुमकिन है।

इंद्र वशिष्ठ

प्रधानमंत्री मोदी को फेंकू, लाखों के सूट-बूट पहनने वाला, नौटंकीबाज और न जाने क्या क्या कहा जाता हैं।
लेकिन एक मामला ऐसा सामने आया है जिससे मोदी के परिजनों की  सादगी का पता चलता हैं। यह सादगी दुनिया के सामने लाने में मोदी का रत्ती भर भी योगदान नहीं है।
मीडिया में अपनी छवि बनाने के लिए मोदी चाहे जो हथकंडे अपनाते हो। लेकिन दिल्ली के लुटेरों के कारण मोदी के परिजनों की सादगी का यह मामला इत्तफाक से सामने आया है।

मोदी की भतीजी लुटी -

12 अक्टूबर की सुबह सिविल लाइंस इलाके में एक महिला से स्कूटी सवार दो लुटेरों ने पर्स लूट लिया। पर्स में नकदी और और 2 मोबाइल फ़ोन आदि था।
दमयंती बेन नामक इस महिला ने वारदात की सूचना पुलिस को दी और बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी  हैं। दमयंती नरेन्द्र मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद मोदी की बेटी हैं। यह सुनते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चौबीस घंटे में ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया।
दमयंती बेन अपने परिजनों के साथ सुबह ही अमृतसर से आई थी पुरानी दिल्ली स्टेशन से वह गुजराती समाज भवन ऑटो रिक्शा में पहुची। गुजराती समाज भवन के बाहर ही लुटेरों ने उनका पर्स लूट लिया। दमयंती बेन ने बताया कि वह पहली बार दिल्ली आई है।
प्रधानमंत्री की भतीजी के साथ लूट हुई तो मामला सुर्खियों में आना ही था।

सादगी का उदाहरण -

इस मामले के कारण ही यह बात सामने आई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परिजन आम आदमी की तरह ऑटो में सवार थे। 
आज़ के माहौल में विधायक, सांसद, मंत्री के परिजन  ऑटो में शायद ही सफर करते हैं।‌‌‌‌ ऐसे राजनेता भी हैं जो हेलिकॉप्टर, चार्टर्ड विमान का टैक्सी की तरह इस्तेमाल करते हैं।

ऐसे में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परिजनों द्वारा ऑटो में सफर करना समाज के सामने अच्छा उदाहरण है। इससे लोगों में भी अच्छा संदेश जाता हैं। राजनेताओं और नौकरशाहों को भी इससे सीख लेनी चाहिए।
सच्चाई यह है कि अगर मोदी के परिजन चाहते तो दिल्ली में उनको वीवीआईपी आवास और सत्कार मिलता। वह गाड़ियों के काफिले में चल सकते थे। 

ऑटो में सफर करना और गुजराती समाज भवन में ठहरने से पता चलता हैं कि  परिजन नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री होने का मामूली-सा लाभ भी नहीं लेना चाहते थे।

दूसरी ओर आज समाज में यह खूब देखा जा सकता हैं कि राजनेता और उनके परिजन ही नहीं उनके दूर के रिश्तेदार, जानकर आदि भी पद का रौब रुतबा दिखाने और उसका लाभ उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।

दमयंती बेन ने यह भी बताया कि वह दिल्ली पहली बार आई है। दूसरी ओर ऐसे नेता भी है जो दिल्ली में आने के बाद न केवल अपने परिजनों, रिश्तेदारों बल्कि अन्य जानकारों तक को भी यहीं बुला लेते हैं। ऐसे नेता नियमों को ताक पर रख कर अपने लोगों के लिए सरकारी आवास तक आवंटित करा लेते हैं। कुछ समय पहले यह उजागर हुआ था कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोती लाल वोरा ने अपने परिजनों, अतिथियों आदि के लिए 9 बंगले/फ्लैट आवंटित करा रखे थे।

प्रधानमंत्री कानून व्यवस्था पर भी ध्यान दें--

भतीजी के लुट जाने से लगता है कि शायद अब प्रधानमंत्री मोदी  दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की ओर ध्यान दे। 

दिल्ली की महिलाओं को लुटेरों के जिस कहर का सामना करना पड़ रहा है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी ने खुद उसका अनुभव किया है।
प्रधानमंत्री को शायद अब  उन महिलाओं के दर्द का भी अहसास हो  जो लुटेरों का शिकार हुई  है। इनमें ऐसी महिलाएं भी शामिल हैं जिनकी पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की थी।

पुलिस बिना भेदभाव ईमानदारी से करें कर्तव्य पालन --

 दिल्ली पुलिस के उन एसएचओ और आईपीएस अफसरों को भी इस मामले से सीख लेनी चाहिए जो सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल अपने निजी कार्यों  बच्चों को स्कूल भेजने, पत्नी को शॉपिंग, रिश्तेदारों को भी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन से लाने पहुंचाने आदि कामों के लिए करते हैं। 

पुलिस को  सिर्फ खास लोगों के साथ हुई लूट के मामले सुलझाने के बजाए आम आदमी के साथ हुई लूट के मामले सुलझाने में भी इतनी ही तत्परता और ईमानदारी से काम करना चाहिए। जितनी मुस्तैदी प्रधानमंत्री की भतीजी के मामले में दिखाई।









   

Tuesday, 1 October 2019

कमिश्नर खाकी को ख़ाक में मत मिलाओ,बाजीगरी बंद कर लुटेरों पर अंकुश लगाओ, लूटपाट को दर्ज करो तब ही लूट कम होंगी।

कमिश्नर, IPS खाकी को ख़ाक में मत मिलाओ।
बाजीगरी बंद कर लुटेरों पर लगाम लगाओ, 
IPS ईमानदार हो तो ईमानदार नज़र आना ज़रूरी है।

FIR  दर्ज न कर लुटेरों की मदद करती है पुलिस।
लूट को दर्ज़ करो तब ही लूट कम होंगी।

इंद्र वशिष्ठ

दिल्ली में बेख़ौफ़ लुटेरों ने आतंक मचा रखा है। महिला हो या पुरुष कोई भी कहीं पर भी सुरक्षित नहीं हैं
लूटपाट और लुटेरों पर अंकुश लगाने में नाकाम पुलिस अपराध के आंकड़ों की बाजीगरी से अपराध कम होने का दावा करने में जुटी हुई हैं। लूटपाट की वारदात को दर्ज़ न करके या हल्की धारा में दर्ज कर पुलिस एक तरह से लुटेरों की ही मदद कर रही हैं।
पुलिस के ऐसे हथकंडों के कारण ही अपराध बढ़ रहे हैं और अपराधी बुलंद हौसले के साथ बेख़ौफ़ होकर लगातार वारदात कर रहे हैं। 

महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील होने के पुलिस दावे की पोल खुल गई-

महिलाओं की चेन, पर्स, मोबाइल लूटने के मामले दर्ज तक न करना पुलिस के महिलाओं के प्रति संवेदनशील होने के दावे की पोल खोल रहा है।

'आपके लिए, आपके साथ, सदैव' का दावा करने वाली पुलिस की हरकतों से तो लगता है कि पुलिस "अपराधी के लिए, अपराधी के साथ, सदैव" हैं।


प्रधानमंत्री की भतीजी लुट गई तो पुलिस ने
कुछ घंटों में ही लुटेरे पकड़ लिए।-

12 अक्टूबर की सुबह प्रधानमंत्री की भतीजी दमयंती बेन का पर्स स्कूटी सवार दो लुटेरों ने लूट लिया। वारदात सिविल लाइंस इलाके में गुजराती समाज भवन के सामने उस समय हुई जब वह ऑटो रिक्शा से उतरी। दमयंती बेन ने बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी लगती हैं। यह सुनते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही लुटेरों को पकड़ कर दमयंती का पर्स, मोबाइल और नकदी आदि सब कुछ बरामद कर लिया।
 इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शिकायतकर्ता वीवीआईपी हो तो पुलिस कुछ घंटों में ही लुटेरों को पकड़ लेती। आम आदमी के मामले में भी पुलिस इतनी ही तत्परता से कार्रवाई करें और लुटेरों को पकड़े तब ही अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सकता हैं।

महिला लुट गई गिर गई, पुलिस ने लूट की बजाए चोरी की रिपोर्ट लिखी।

4 अक्टूबर को रोहिणी सेक्टर 13 में  सुबह स्कूटर से जा रही ज्योति राठी से बाइक सवार लुटेरों ने चेन लूट ली। ज्योति स्कूटर से गिर गई। लुटेरे इसके बाद भी ज्योति के पास पहुंच गए और चेन का टूटा हुआ लॉकेट ले जाने लगे,शोर मचाने पर  वह लॉकेट नहीं ले जा पाएं।

प्रशांत विहार थाना पुलिस ने  लूट/झपटमारी की एफआईआर दर्ज करने की बजाए चोरी की
 ई-एफआईआर दर्ज कर दी। पुलिस वालों ने ज्योति से कहा कि " मैडम ऐसा रोजाना ही होता हैं क्या करें"।
ज्योति ने खुद इलाके में घूम घूम कर सीसीटीवी फुटेज लिया और पुलिस को दिया। ज्योति ने इस मामले का वीडियो बना कर टि्वटर पर अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एफआईआर में लूट की धारा जोड़ी।

आला अफसर कसूरवार-
 इस मामले में  एएसआई सखाराम को निलंबित कर दिया गया। एएसआई को निलंबित करना सिर्फ खानापूर्ति हैं। लूट को चोरी में दर्ज़ करने के लिए असल में आला अफसर जिम्मेदार होते हैं। एसएचओ, एसीपी और डीसीपी की मर्जी/सहमति/आदेश के बगैर एएसआई लूट को चोरी में दर्ज़ नहीं कर सकता।


महिला लुटी और कार के नीचे आते-आते बची।  पुलिस ने एफआईआर तक  दर्ज नहीं की--

16 सितंबर को सदर बाजार इलाके में स्कूटर सवार  लुटेरे ने एक महिला से चेन छीनने में ऐसा झटका मारा कि वह सड़क पर गिर गई। महिला के पीछे से वैन और सामने से कार आ रही थी महिला कार के नीचे आते-आते बची। पुलिस को 100 नंबर पर  कॉल की गई। पीसीआर महिला को थाने ले गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। महिला से एक सादे काग़ज़ पर शिकायत लिखवा ली गई। महिला के पति ने खुद लोगों के पास जाकर सीसीटीवी फुटेज दिखाने की गुहार लगाई। इसके बाद वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। वारदात की जगह पर पुलिस का सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है लेकिन वह शो-पीस बन हुआ है। आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिए जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वारदात को अंजाम देने के बाद भी वह लुटेरा इलाके में ही घूमता देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में लुटेरे के स्कूटर का नंबर भी साफ़ है। 23 सितंबर को समाचार पत्र में यह मामला उजागर होने पर  पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

आईपीएस मोनिका भारद्वाज को कुछ समय पहले ही
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है। 
महिला डीसीपी के होते हुए पीड़ित महिला की रिपोर्ट न दर्ज करने से पुलिस का संवेदनहीन चेहरा उजागर हो गया।

डीसीपी मोनिका भारद्वाज का कारनामा,
88 वारदात एक ही एफआईआर में दर्ज कर दी।-

पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त के पद पर रहते हुए भी मोनिका भारद्वाज द्वारा अपराध के मामलों की  FIR सही दर्ज नहीं की जाती थी। ऐसा ही एक मामला इस पत्रकार द्वारा उजागर किया गया था

तिलक नगर थाना इलाके में इस साल एक से दस मई  के अंदर अलग-अलग स्थानों पर लगे एटीएम से अपराधियों ने लोगों का डाटा चोरी कर उनके बैंक खातों से लाखों रूपए निकाल लिए।
वारदात के शिकार हुए लोगों ने  पुलिस को शिकायत की लेकिन पुलिस ने उसी समय एफआईआर दर्ज नहीं की। जब करीब 88 शिकायतें पुलिस को मिल गई तब जाकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
इसमें भी पुलिस ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज करने की बजाए सारे मामले एक ही एफआईआर में दर्ज कर दिए। जो कि कानून गलत है।

पुलिस ने दिया अपराधियों को मौका--

पुलिस अगर सबसे पहले मिली शिकायत पर ही एफआईआर दर्ज कर के तफ्तीश शुरू कर देती तो अपराधी पहले ही पकड़ में आ जाते और इतने सारे लोगों की रकम चोरी होने से बच जाती।

पुलिस कमिश्नर अपराध के आंकड़ों की बाजीगरी से अपराध कम होने का दावा करते हैं। --

पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक को शायद आंकड़ों की बाजीगरी से अपराध कम दिखाने में माहिर आईपीएस अफसर ही ज्यादा पसंद है इसलिए ऐसे अफसरों को ही बेहतर/ महत्वपूर्ण माने जाने वाले जिलों में डीसीपी लगाते हैं।

इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस कमिश्नर की सहमति और शह के कारण ही अपराध सही दर्ज न करने या हल्की धारा में दर्ज किए जाते हैं। पुलिस के आंकड़े सच्चाई से कोसों दूर होते हैं।

इस तरह आंकड़ों की बाजीगरी से अपराध कम होने का दावा कर पुलिस कमिश्नर, डीसीपी और एस एच ओ तक खुद को सफ़ल अफसर दिखाते हैं।

अपराध दर्ज न कर अपराधी की मदद करने वाले पुलिस अफसर पर दर्ज की जानी चाहिए एफआईआर--

लेकिन ऐसा करके ये सब पुलिस अफसर एक तरह से  अपराधी की ही मदद कर उसके अपराध में शामिल हो जाते हैं। जिस तरह किसी अपराधी की मदद करने या शरण देने वाले व्यक्ति को भी अपराधी माना जाता हैं । ऐसे में यह अफसर भी अपराधी माने जाने चाहिए। अपराध को दर्ज न कर अपराधी को फायदा पहुंचाने वाले ऐसे पुलिस अफसरों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।  तब ही अपराध के मामले सही दर्ज किए जाने लगेंगे। फिर अपराध और अपराधी पर अंकुश लग सकेगा।

वारदात की सही FIR दर्ज नहीं करती पुलिस---

अब तो हालत यह है कि लुटेरों को भी मालूम है कि अगर पकड़े भी गए तो उनके द्वारा की गई अनगिनत वारदात में से सिर्फ कुछेक वारदात ही पुलिस ने दर्ज की होंगी। ऐसे में लुटेरे जल्द जमानत पर रिहा हो कर फिर से बेख़ौफ़ होकर वारदात करने लगते हैं।

लूटपाट रोकने और लुटेरों पर अंकुश लगाने का सिर्फ एक ही रास्ता लूट की सभी और सही एफआईआर दर्ज की जाएं--

लूटपाट को रोकने और लुटेरों पर अंकुश लगाने का सिर्फ और सिर्फ एक मात्र रास्ता है कि पुलिस लूट की सभी वारदात को दर्ज़ करें।
ऐसे में लुटेरे को सभी मामलों में जल्द जमानत भी नहीं मिल पाएगी और  सज़ा होने पर जेल में ज्यादा समय तक बंद रहना पड़ेगा। इस तरीके से ही अपराध और अपराधियों पर अंकुश लग पाएगा। 
लेकिन अफसनोक बात यह है कि पुलिस कमिश्नर और आईपीएस अफसर ऐसा नहीं करते हैं। ऐसे अफसरों के कारण ही एस एच ओ भी निरंकुश हो जाते हैं।
अपराध दर्ज होगा तो अपराध में वृद्धि उजागर होगी।
पुलिस पर अपराधी को पकड़ने का दवाब रहेगा। पुलिस को अपराधी को पकड़ने के लिए मेहनत करनी पड़ेगी जो वह करना नहीं चाहती हैं। इसलिए वह अपराध को दर्ज ही न करने का तरीका अपना कर खुद को काबिल अफसर दिखाना चाहते हैं।  लेकिन ऐसा करके वह अपराध और अपराधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। अपने कर्तव्य का ईमानदारी से पालन न करके ऐसे पुलिस अफसर बहुत बड़ा अपराध करते हैं।

महिला पत्रकार को लूटा-

22 सितंबर को चितरंजन पार्क थाना इलाके में एएनआई की पत्रकार ऑटो में जा रही थी बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल छीना, तब वह ऑटो से नीचे गिर गई। जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। इस मामले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एक सब-इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों को निलंबित किया गया। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को पकड़ा है।

महिला पत्रकार का भी केस चोरी में दर्ज कर दिया-
23 सितंबर को एक अन्य मामले में ओखला औद्योगिक क्षेत्र में महिला पत्रकार से बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल फोन लूट लिया। लेकिन पुलिस ने लूट/झपटमारी की बजाए चोरी में एफआईआर दर्ज की।

मैडम इतनी रात को कर क्या रहे थे ?-

 29 सितंबर की रात में ऑटो में बैठ कर घर जा रही एक महिला पत्रकार से बाइक सवार लुटेरों ने पर्स छीन लिया। घटना कैलाश कालोनी मेट्रो स्टेशन के पास हुई। आरोप है कि महिला पत्रकार ने पुलिस को फोन किया तो पुलिस कर्मी ने उनकी समस्या का समाधान करने की बजाए उनसे कहा कि मैडम आप इतनी रात को कर क्या रहे थे ?  हालांकि बाद में अमर कालोनी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई।

100 नंबर की भूमिका पर सवाल-
30 सितंबर को दो लुटेरों ने ऑटो में सवार एक पत्रकार का मोबाइल छीन लिया।  आश्रम चौक से शुरू हुआ यह मामला सनलाइट कालोनी थाना इलाके तक जा पहुंचा। आरोप है कि पीड़ित ने 100 पर कॉल भी किया लेकिन कुछ रिस्पांस नहीं मिला।

सिविल लाइंस में भी महिला को लूटा-

29 सितंबर को सिविल लाइंस इलाके में ऑटो में जा रही महिला का पर्स छीनने के लिए बाइक सवार लुटेरों ने ऐसा झपट्टा  मारा कि महिला ऑटो से नीचे गिर गई। बैग में दस हज़ार रुपए और अन्य सामान था। सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

लुटेरों के शिकार हुए लोगों के यह तो सिर्फ वह मामले हैं जो मीडिया में आ गए।

इसके अलावा रोजाना लूट-झपटमारी की अनगिनत वारदात होती हैं जिनकी सूचना मीडिया तक पहुंच भी नहीं पाती है। गली मोहल्ले तक में बेख़ौफ़ लुटेरे महिलाओं और पुरुषों को अपना शिकार बना रहे।

पिस्तौल दिखाकर चेन लूटी--
कुछ दिन पहले ही केशव पुरम थाना क्षेत्र के तोताराम बाजार में मदर डेयरी/जैन पनीर वाले के पास की एक गली में पिस्तौल दिखाकर कर लुटेरे ने महिला की चेन लूट ली। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

दिल्ली भर में हो रही इस तरह की वारदात के न जाने कितने वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर होते हैं। 
पीड़ित खुद सीसीटीवी फुटेज तक पुलिस को देते हैं। लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती है।

कई मामलों में तो पीड़ितों ने कई दिनों तक घटनास्थल पर खुद निगरानी रख कर लुटेरों को खुद पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। 

दिल्ली के सबसे सुरक्षित  इलाके में भी लुटेरे बेख़ौफ़ पुलिस नदारद - 

 20 सितंबर को सुबह स्कूटी सवार विनोद भंडारी अपनी पत्नी अमृता के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे नई दिल्ली इलाके में हैली रोड की रेड लाइट से पहले लुटेरे उनके पीछे लग गए। लुटेरों से बचने के लिए अमृता ने अपनी चेन उतार कर लुटेरों की तरफ  फेंक दी। लेकिन पिस्तौल लिए लुटेरों ने फिर भी पीछा जारी रखा। कनाट प्लेस में आउटर सर्किल पर स्कूटी फिसल जाने से विनोद और अमृता गिर गए और घायल हो गए। तब लुटेरे भाग गए। 

विनोद ने बताया कि लुटेरों ने क़रीब डेढ़-दो किलोमीटर तक उनका पीछा किया।इस दौरान उन्हें कहीं भी किसी पुलिस पिकेट, पीसीआर या गश्त करते पुलिस वाले नज़र नहीं आए।

एफआईआर दर्ज करने के लिए घंटों तक थाने-थाने घुमाया पुलिस ने --

विनोद के अनुसार इसके बाद उन्हें जिस तरह की प्रताड़ना झेलनी पड़ी वह ज्यादा दुखदायी साबित हुई। यह उनके लिए किसी हाऊस अरेस्ट जैसी स्थिति थी और उन्हें ऐसा लग रहा था कि वह पीड़ित नहीं बल्कि आरोपी हैं। 
सबसे पहले उन्हें बाराखंबा रोड थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर बुलाया। जब उन्होंने पूरी बात बताई तो पुलिस वाले ने कहा आपका केस तिलक मार्ग थाने में दर्ज होगा। तिलक मार्ग थाने के पुलिस वाले ने कहा कि आप जाकर संसद मार्ग थाने में केस दर्ज कराओ। संसद मार्ग थाने की पुलिस को सारी बात तो उन्होंने कहा पिस्तौल टालस्टाय मार्ग पर दिखाई गई और लुटेरों ने पीछा आउटर सर्किल तक किया था। इसलिए केस कनाट प्लेस थाने में दर्ज होगा। आखिर उन्हें कनाट प्लेस थाने में ले जाया गया। क़रीब पांच घंटे बाद उनको छोड़ा गया। शाम सात बजे एफआईआर की कॉपी दी। थाने से निकल कर वह अस्पताल पहुंचे तो डाक्टर ने बताया कि उनकी पत्नी के कंधे का आपरेशन करना पड़ेगा।