Tuesday, 4 March 2025

गेट आउट: विधानसभा परिसर से विपक्ष को बाहर निकालने की नई परंपरा शुरू, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इतिहास रचा


 गेट आउट: विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने नई परंपरा शुरू कर इतिहास रचा 


इंद्र वशिष्ठ, 
दिल्ली विधानसभा में 27 साल बाद सत्ता में आई भाजपा ने विधानसभा में एक नई परंपरा/परिपाटी शुरू कर दी। 
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एक ऐसा रास्ता दिखा दिया, जिसका इस्तेमाल भविष्य में दूसरे सत्ताधारी दल भी विपक्ष के ख़िलाफ़ कर सकते हैं। 
परिसर से बाहर- विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पहले सत्र में ही विपक्ष की नेता आम आदमी पार्टी की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी समेत 21 विधायकों को हंगामा करने पर सदन से निलंबित किया और उन्हें विधानसभा परिसर से भी बाहर निकाल दिया। 
सवाल तो उठेंगे- विधानसभा के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि विपक्षी दल के सदस्यों को सदन से निलंबित करने के साथ ही, उन्हें विधानसभा परिसर से भी बाहर कर दिया गया। उनके परिसर में घुसने पर भी रोक लगा दी गई। 
विपक्ष इसे मनमाना, अलोकतांत्रिक बता रहा है। अलोकतांत्रिक या गैर कानूनी है या नहीं, इस पर बहस हो सकती है। 
लेकिन जिस नियम का इस तरह से अक्षरशः इस्तेमाल आज तक किसी सत्ताधारी दल ने विधानसभा में विपक्ष के ख़िलाफ़ नहीं किया था, उसे पहली बार अब इस्तेमाल करने से सवाल तो उठेंगे ही। स्वस्थ लोकतंत्र में विपक्ष के ख़िलाफ़ इतना कड़ा कदम उठाने से बचना चाहिए था। 
दोहरा चरित्र- यह भी सच्चाई है कि राजनीति में राजनितिज्ञों का दोहरा चरित्र होता है जब वह सत्ता में होते हैं, तो अपने हर कदम को जायज़/कानूनी ठहराते है, लेकिन जब वह विपक्ष में होते हैं, तो वही नेता सत्ता के वैसे ही कदम को लोकतंत्र पर हमला आदि की दुहाई देने लगते। 
तीर कमान से निकल गया-
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने विधानसभा में जो गलत परिपाटी शुरू की थी, उसे वह खत्म करेंगे। 
दूसरी ओर उन्होंने खुद एक ऐसी नई परंपरा/ परिपाटी शुरू कर दी है। जिसे विपक्ष का कोई भी दल अच्छी परिपाटी तो नहीं कहेगा। 
खैर अब इस कदम की आलोचना हो या इस पर सवाल उठाएं जाएं, अब तो तीर कमान से निकल ही गया। विधानसभा के इतिहास में विजेंद्र गुप्ता को नई परंपरा शुरू करने के लिए याद रखा जाएगा। 
विजेंद्र गुप्ता ने पहले सदन में और फिर पत्रकार वार्ता में भी अपने इस निर्णय को नियमों के अनुसार की गई कार्रवाई बताया है।
नियम- नियम 277, बिंदु 3(डी) स्पष्ट रूप से कहता है। जो सदस्य सदन से निलंबित किया गया है, उसे सदन के परिसर में प्रवेश करने और सदन एवं समितियाें की कार्यवाही में भाग लेने से प्रतिबंधित किया जाएगा। 
विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही चलाने के लिए बनाई गई नियमावली ( रूल बुक) का हवाला देकर बताया कि विधानसभा सदन की परिधि/परिसर की परिभाषा में विधानसभा की चारदीवारी के भीतर का पूरा क्षेत्र है। निलंबित सदस्य विधानसभा परिसर में भी नहीं रुक सकता। 
सदन से निलंबित विपक्षी सदस्यों को नियम अनुसार विधानसभा के परिसर में घुसने से रोका गया। 
पहली बार लागू- विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बेशक नियमों का हवाला देकर इस आदेश को उचित ठहराया है। लेकिन आज से पहले कभी इस नियम को इस तरह से  परिभाषित और लागू नहीं किया गया। 
सदन से निलंबित किए जाने वाले नेता प्रतिपक्ष और विधायक विधानसभा परिसर में प्रदर्शन/धरना करने, परिसर में स्थित अपने कार्यालय में जाने के लिए स्वतंत्र रहते थे। 
क्यों निकाला-विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि 25 फरवरी, 2025 को उप-राज्यपाल महोदय के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के सदस्यों को उनके खराब व्यवहार और कार्यवाही में बाधा डालने के कारण उन्हें बाहर निकालना पड़ा। विधानसभा के प्रक्रिया नियमों के अनुसार, उप-राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कोई भी बाधा नहीं डाली जा सकती। 
उप-राज्यपाल महोदय के अभिभाषण में बाधा डालने के कारण, बाद में सदन ने विपक्ष के सदस्यों को तीन बैठकों के लिए निलम्बित कर दिया। 
लेखा-जोखा-
दिल्ली की आठवीं विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पहले सत्र में हुई कार्यवाही का लेखा जोखा पत्रकारों से साझा किया। 
18 घंटे 18 मिनट कार्यवाही-
आठवीं विधानसभा का पहला सत्र 24 फरवरी, 2025 को शुरू हुआ और 03 मार्च, 2025 को सदन अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित हुआ। सदन की बैठकें 24, 25, 27, 28 फरवरी और 03 मार्च, 2025 को आयोजित की गई। इन पांच बैठकों के दौरान कुल 18 घंटे 18 मिनट तक सदन की कार्यवाही चली। 
पांच दिनों तक विभिन्न अवसरों पर कुल 126 बार सदस्यों ने सदन में अपने विचार व्यक्त किये। 
सदस्यों ने पहले दिन 24 फरवरी, 2025 को शपथ ली। वरिष्ठ सदस्य श्री अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया।
उप- राज्यपाल का अभिभाषण-
25 फरवरी, 2025 को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सदन को सम्बोधित किया तथा उन मुद्दों के बारे में व्याख्या की, जिन पर सरकार दिल्ली के विकास तथा लोगों की भलाई के लिए कार्य करेगी।
उप-राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव सदन में 28 फरवरी, 2025 को पारित किया गया। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में 16 सदस्यों ने भाग लिया तथा माननीय मुख्यमंत्री ने चर्चा का उत्तर दिया।
सदन में 27 फरवरी, 2025 को  मोहन सिंह बिष्ट जी को उपाध्यक्ष चुना गया।
सीएजी रिपोर्ट पेश-
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि‌ पहले सत्र का मुख्य बिंदु सीएजी की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत करना रहा। 
आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा सीएजी रिपोर्टों को सदन में प्रस्तुत करने में अनावश्यक देरी करने के बारे में उन्होंने भी सक्रियता से कार्यवाही की और इसके लिए उन्हें माननीय उच्च न्यायालय भी जाना पड़ा।
'दिल्ली में शराब के विनियम और आपूर्ति' पर सीएजी की ऑडिट रिपोर्ट 25 फरवरी, 2025 को माननीय मुख्यमंत्री ने सदन में प्रस्तुत की। सदस्यों की मांग के बाद, इस पर सदन में दो दिन चर्चा भी की गई। इस चर्चा में 23 सदस्यों ने भाग लिया।
दिनांक 28 फरवरी, 2025 को माननीय मुख्यमंत्री ने 'सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंधन' पर सीएजी की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सदन में इस रिपोर्ट पर भी 28 फरवरी और 03 मार्च को चर्चा हुई। इस चर्चा में भी 23 सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किये।
तीन महीने में रिपोर्ट-
सदन की लोक लेखा समिति इन रिपोर्टों की जांच करेगी।
विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि लोक लेखा समिति  तीन महीने के अंदर अपनी रिपोर्ट देगी । संबंधित विभागों यानि आबकारी और स्वास्थ्य विभाग को एक महीने के अंदर अपने 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' भेजने का निर्देश दिया गया है।
विशेष उल्लेख-
इस सत्र के दौरान नियम-280 के तहत विशेष उल्लेख के कुल 109 नोटिस प्राप्त हुए और तीन दिनों में 42 मामलों को सदन में उठाया गया, जिन्हें संबंधित विभागों को उत्तर देने के लिए भेज दिया गया है।
पहले सत्र के दौरान सभी सूचीबद्ध कार्यों को पूरा किया गया। सोमवार, 03 मार्च को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से लेकर शाम को 06 बजे तक चली, जो इस बात का प्रमाण है कि जनहित से जुड़े ख़ास मुद्दों पर चर्चा के लिए सदन में समय की कोई सीमा नहीं है।
गलत परिपाटी खत्म होगी-
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वह संविधान के प्रावधानों तथा सदन के प्रक्रिया नियमों के अनुसार सदन को निष्पक्ष और सकारात्मक ढंग से चलाना चाहते हैं पिछले दस वर्षों के दौरान जो भी गलत परिपाटी बनी हैं, उन सबको दूर किया जाएगा।
अब सदन का नियमानुसार सत्रावसान (Prorogation) किया जाएगा, पहले की तरह एक ही सत्र को अलग अलग टुकड़ों में साल भर नहीं चलाया जाएगा। विशेष सत्र की गरिमा भी बहाल की जाएगी। आपातकालीन और विशेष परिस्थितियों में ही विशेष सत्र बुलाया जाएगा। विधान सभा सत्र की अपनी गरिमा और मर्यादा होती है, जिसका पालन किया जाएगा। 
प्रश्न काल शुरू होगा-
बजट सत्र से प्रश्न काल भी शुरू होगा, जिसे पिछली सरकार के दौरान लगभग बंद ही कर दिया गया था।
समान महत्व-
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान पक्ष और विपक्ष को समान महत्व दिया जायेगा लेकिन नियमों का उल्लंघन किये जाने पर समुचित कार्यवाही भी की जायेगी। सदन के समय का अधिकतम सदुपयोग मेरी प्राथमिकता रहेगी। सदन अब सहयोग, संतुलन, सदभाव और स्थापित नियमों से चलेगा।
राष्ट्रीय स्मारक-
दिल्ली विधानसभा के भवन का स्वतंत्रता संग्राम में बहुत बड़ा ऐतिहासिक महत्व रहा है। पुराने सचिवालय को राष्ट्रीय स्मारक और प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेंगे। 
ई-विधान-
विधानसभा को कागज रहित बनाने के लिए ई-विधान प्रोजेक्ट लगभग दस वर्षों से लंबित है। इस प्रोजेक्ट को लागू करने और दिल्ली विधानसभा को पूरी तरह से कंप्यूटराइज्ड करने के लिए इस दिशा में जल्दी से जल्दी आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।




Saturday, 1 March 2025

बदमाशों को बेरहमी से खत्म करना दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता हो, डीसीपी थाने जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करें, बिल्डिंग निर्माण के लिए पुलिस की परमिशन की जरूरत नही: गृह मंत्री अमित शाह



दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोरा, बदमाशों और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के गठजोड़ पर प्रहार करो, तभी अपराध-अपराधियों पर अंकुश लगेगा।



गिरोहों को बेरहमी से खत्म करना
दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता हो, 

डीसीपी थाने जाकर लोगों की
 समस्याओं का समाधान करें, 

भवन निर्माण के लिए पुलिस की
 परमिशन की जरूरत नही




इंद्र वशिष्ठ, 
दिल्ली में लूट/जबरन वसूली/ रंगदारी के लिए गोलियां चला कर दहशत फैलाने और  सरेआम हत्या जैसे सनसनीखेज अपराध करके पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था के दावे की धज्जियां उड़ाने वाले बेखौफ अपराधियों की  अब शामत आने वाली है। ऐसे अपराधी  दिल्ली में अपराध करने की सोचें भी नहीं। वरना उनकी जान की खैर नहीं। 
गृह मंत्री अमित शाह ने अपराधियों के खात्मे के लिए पुलिस को खुली छूट दे दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में अपराधियों के अंतरराज्यीय गिरोहों को बेरहमी/क्रूर दृष्टिकोण (रुथलेस अप्रोच) के साथ खत्म करना दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था को सुधारा जा सके।
जड़ पर वार जरुरी- 
गृह मंत्री अगर वाकई अपराधियों के गिरोहों को जड़ से खत्म करना चाहते हैं, तो बदमाशों और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के गठजोड़ पर प्रहार करना चाहिए। बदमाशों से सांठगांठ रखने वाले पुलिसकर्मियों को गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। तभी अपराध और‌ अपराधियों पर अंकुश लगेगा।
भ्रष्ट और अपराधी प्रवृत्ति के पुलिसकर्मियों की सांठगांठ के कारण ही बदमाश बेखौफ हो गए हैं। 
खाकी को खाक में मिला रहे-
अपराधियों को एक तरह से पालने पोसने वाले भ्रष्ट/अपराधी प्रवृत्ति के पुलिसकर्मी अपने-अपने बदमाशों को दूसरी पुलिस टीमों के हाथों मारे/पकडे़ जाने से बचाने का काम करते हैं। बदमाशों को बचाने के लिए ऐसे पुलिसकर्मी कथित एनकाउंटर में उन्हें पकड़ा हुआ दिखा कर, इनाम और बारी से पहले तरक्की भी पा जाते हैं। 
सच्चाई यह है कि भ्रष्ट पुलिसकर्मी, पुलिस, देश या समाज के हित के लिए कुछ भी नहीं करते। ये सिर्फ और सिर्फ अपने निजी फायदे, बदमाशों से मिलने वाले पैसे, विभाग से मिलने वाले इनाम और बारी से पहले तरक्की आदि के लिए ही सब कुछ करते हैं।
आईपीएस जिम्मेदार-
यह सब आज से नहीं बरसों से हो रहा है। इसके लिए भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के आका आईपीएस अफसर जिम्मेदार हैं। जब तक भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को पालने पोसने वाले आईपीएस अफसरों की नकेल नहीं कसी जाएगी यानी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, यह सब ऐसे ही चलता रहेगा। 
खतरनाक/गंभीर बात यह है कि आका आईपीएस अफसर ऐसे पुलिसकर्मियों की करतूतों, कथित एनकाउंटरों की कहानियों में आंख मूंद कर शामिल हो जाते हैं। आईपीएस अफसर भी अपने किसी न किसी फायदे/ स्वार्थ के लिए सच्चाई जानते हुए भी ऐसे पुलिसकर्मियों को संरक्षण, इनाम और बारी से पहले तरक्की देते हैं। अफसरों के संरक्षण के कारण ही बदमाशों से सांठगांठ रखने वाले पुलिसकर्मी बेखौफ हैं। 
पैसा और पनाह- 
स्पेशल सेल द्वारा हाशिम बाबा गिरोह के फरार हत्यारों को पैसा और पनाह देने के आरोप में सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह की 16 फरवरी 2025 को गिरफ्तारी से सांठगांठ की बात एक बार फिर से साबित हो गई है। सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह का इरादा दूसरी पुलिस टीमों से इन हत्यारों को बचाने के लिए उनका आत्म समर्पण कराने का था। ऐसे पुलिसकर्मी कथित एनकाउंटर में उन्हें पकड़ा हुआ दिखा कर, इनाम और बारी से पहले तरक्की भी पा जाते हैं। 
गुंडे ने रिमांड में ईद मनाई-
साल 2024 जून में कुख्यात हाशिम बाबा को रिमांड पर लाकर ईद की पार्टी करवाने के आरोप में उत्तर पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ में तैनात सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह समेत तीन-चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाज़िर किया गया था। रमजान के दिनों में स्पेशल स्टाफ ने एक बदमाश को पिस्तौल के साथ पकड़कर उसका लिंक गैंगस्टर हाशिम बाबा से निकाला था। जिसके बाद हाशिम बाबा को पूछताछ के लिए रिमांड पर लाया गया था। मगर वहां उसकी वीआईपी की तरह खातिरदारी की गई। पुलिस वालों ने उसकी ईद मनवाई थी। जिसमें हाशिम के घरवाले, रिश्तेदार और जानकार भी पहुंचे थे।
चर्चा तो यह भी है कि जेल के बाहर आकर ईद मनाने के लिए ही हाशिम ने पुलिसकर्मियों से सांठगांठ की। योजना अनुसार हाशिम ने अपने एक गुर्गे की पिस्तौल के साथ "गिरफ्तारी" और अपने "रिमांड " का नाटक रचा। सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह का बाद में  तबादला मध्य जिले में कर दिया गया। 
जिस पुलिस अफसर का इस सब- इंस्पेक्टर के ऊपर हाथ है,उसके खिलाफ भी तो कार्रवाई की जानी चाहिए। 
हवालात को बनाया मयखाना-
साल 2021 में लोधी कालोनी में स्पेशल सेल के हवालात में बदमाशों ने दारू पार्टी की और उसका वीडियो भी वायरल कर पूरी दुनिया के सामने दिल्ली पुलिस को नंगा कर दिया। 
बदमाशों ने वीडियो वायरल कर समाज और अपराध जगत में यह साबित कर दिया कि पैसा मुंह पर मारो, तो स्पेशल सेल भी  हवालात को मयखाना बना देता है।
लेकिन इस मामले में सिर्फ़ एक सब-इंस्पेक्टर रोहित को निलंबित कर खानापूर्ति कर दी गई। आतंकियों से निपटने वाले स्पेशल सेल के हवालात में बदमाश शराब पार्टी कर सकते हैं, तो बाकी थानों में क्या हालात होंगे, यह अंदाजा लगाया जा सकता है।
भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के कारण ही पुलिस बदनाम है। दूसरी ओर बदमाशों को पकड़ने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल टूटता है। बदमाश भी उनका ताने मार कर मजाक उड़ाते हैं।
कानून व्यवस्था को दुरुस्त करो-
गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार 28 फरवरी को दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में कानून-व्यवस्था और समन्वय पर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिल्ली सरकार के गृह मंत्री आशीष सूद, दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोरा और अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
दिल्ली में महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ राजधानी में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधों पर नियंत्रण करने से संबंधित कई सुझावों और उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डीसीपी थानों में जन सुनवाई करें-
गृहमंत्री ने कहा कि डीसीपी स्तर के अधिकारी थानों में जाकर जन-सुनवाई शिविर लगाएं और जनता की समस्याओं का समाधान करें। सभी सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी)  अपने अधीन थानों में गंभीर केसों की स्वयं  निगरानी करें। आगामी एक वर्ष तक दिल्ली पुलिस प्रत्येक तीन महीने के अंतराल में अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाए और इसे आगे चलकर प्रत्येक डेढ़ महीने के भीतर चलाए। गृहमंत्री ने कहा कि लगातार खराब काम/प्रदर्शन करने वाले पुलिस थानों और सब-डिविजनो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। 
घुसपैठियों पर कार्रवाई-
गृह मंत्री ने निर्देश दिए कि दिल्ली में बांग्लादेशियों और रोहिंग्या घुसपैठियों के भारत में घुसने से लेकर उनके दस्तावेज बनवाने और उन्हें यहां रहने में मदद करने वाले पूरे नेटवर्क में संलिप्त सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अवैध घुसपैठियों का मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा है और इसमें पूरी सख्ती के साथ काम हो और उन्हें चिन्हित कर निर्वासित किया जाए। नशीले पदार्थों के मामलों में इसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की ज़रूरत है। 
पुलिस की मंजूरी की जरुरत नहीं-
गृहमंत्री ने निर्देश दिए कि दिल्ली में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन से संबंधित मामलों में दिल्ली पुलिस की परमिशन की जरुरत नहीं होगी।  
 खोया-पाया, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट, चरित्र सत्यापन, ट्रैफिक, वरिष्ठ नागरिकों और हिम्मत एप्प के बारे में लोगों की संतुष्टि के स्तर को जानना बेहद ज़रूरी है और इसके लिए एक थर्ड पार्टी सर्वे कराया जाना चाहिए।
जाम का हल निकालें-
दिल्ली पुलिस रोजाना जाम लगने वाले स्थानों को चिन्हित करे और दिल्ली पुलिस कमिश्नर व मुख्य सचिव बैठक कर इसका त्वरित हल निकालें, जिससे जनता को राहत मिल सके
गृह मंत्री ने कहा दिल्ली में 2020 में हुए सांप्रदायिक दंगों के मामलों के त्वरित निपटान के लिए दिल्ली सरकार विशेष अभियोजक नियुक्त करे जिससे इन मामलों का जल्द निपटान हो सके।
अपराध मुक्त राजधानी-
अमित शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार आपसी सहयोग से ही देश की राजधानी को अपराधमुक्त कर एक आदर्श राजधानी बना सकती हैं। 
उन्होंने यातायात प्रबंधन पर साझा प्रयास, कानून प्रवर्तन की आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, महिला एवं बाल सशक्तीकरण, सिविक विभागों के बीच परस्पर सहयोग, भ्रष्टाचार पर अंकुश, सामुदायिक पुलिसिंग, सीसीटीवी कैमरों के रख-रखाव और एकीकरण आदि की दिशा में कार्य करने का सुझाव दिया।


(इंद्र वशिष्ठ दिल्ली में 1989 से पत्रकारिता कर रहे हैं। दैनिक भास्कर में विशेष संवाददाता और सांध्य टाइम्स (टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप) में वरिष्ठ संवाददाता रहे हैं।)





Monday, 24 February 2025

दिल्ली विधानसभा: माननीयों और मीडिया/ दर्शकों के बीच शीशे की दीवार, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता इस दीवार को हटाएगें या अमानवीय व्यवस्था को जारी रखेंगे ?, अरविंद केजरीवाल का कारनामा।

           विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता


दिल्ली विधानसभा: माननीयों और मीडिया/दर्शकों के बीच शीशे की दीवार


इंद्र वशिष्ठ, 
दिल्ली विधानसभा में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार एक ऐसा अमानवीय कारनामा कर गई, जो किसी सरकार ने कभी नहीं किया। जिसे लोकतंत्र में किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता। 
जेल बना दी-
वह विधानसभा सदन में माननीयों/विधायकों और मीडिया/दर्शकों के बीच में शीशे की पारदर्शी दीवार खड़ी कर गई।
यह दीवार जेल में कैदी और मुलाकाती के बीच लगी शीशे की दीवार जैसा अहसास कराती है। 
अमानवीय व्यवस्था-
विधानसभा के तत्कालीन अध्यक्ष रामनिवास गोयल के कार्यकाल में विधायकों की सुरक्षा के नाम पर मीडिया और दर्शक दीर्घा में यह दीवार लगाई गई। शीशे की इस दीवार को अब भाजपा सरकार हटाएगी है या इस अमानवीय व्यवस्था को जारी रखेगी ? यह तो आने वाला समय ही बताएगा। 
जेल में बंद कैदी की तरह पत्रकार शीशे की दीवार के पीछे से ही सदन की कार्यवाही देखने/कवर करने को मजबूर हैं।
तानाशाही-
जो जनता इन नेताओं को चुन कर विधानसभा में बैठने लायक बनाती है। वह जनता भी सदन की कार्यवाही शीशे की दीवार के पीछे से देखने को मजबूर है। यह सरासर तानाशाही है। 
सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर मीडिया और दर्शक दीर्घा में शीशे की दीवार लगाना लोकतंत्र में किसी भी तरह से सही/जायज नहीं ठहराया जा सकता।
दीवार हटाएं-
दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को दीवार हटा कर मीडिया और दर्शकों को इस पिंजरे/कैद से मुक्त करके पहले जैसी लोकतांत्रिक/ खुली स्थिति को बहाल करना चाहिए। 
वैसे तो आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा मीडिया और दर्शक दीर्घा में जब यह दीवार लगाई थी। तभी तत्कालीन विपक्ष यानी भाजपा और मीडिया को इसका विरोध करना चाहिए था। 
संसद से सीखें-
संसद भवन में 13 दिसंबर 2023 को लोकसभा में दो युवक दर्शक दीर्घा से कूदे और रंगीन धुंआ (कलर स्मोक) उड़ाया। नई संसद में लोकसभा सत्र के दौरान सुरक्षा में चूक हुई। 
इसके बावजूद भी लोकसभा और राज्य सभा में मीडिया और दर्शक दीर्घा को पहले की तरह खुला ही रखा गया है। उसे तो किसी भी तरह की  दीवार लगा कर बंद नहीं किया गया। 
केजरीवाल की तानाशाही-
मीडिया की कृपा/मदद के कारण ही अरविंद केजरीवाल का राजनीति में इतना वजूद बना है। लेकिन धूर्त और अहसान फरामोश  अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले मीडिया पर ही तानाशाही दिखाई। मुख्यमंत्री बनते ही उसने दिल्ली सचिवालय में पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगा दी। पत्रकारों ने विरोध किया तो सचिवालय में पत्रकारों के प्रवेश के लिए एक समय सीमा निश्चित कर दी गई। ऐसा करने से केजरीवाल का असली चेहरा, दोहरा चरित्र और घटिया मानसिकता उजागर हुई। 
कोई बंदिश नहीं-
अब देखना है कि भाजपा सरकार  सचिवालय में भी मीडिया की एंट्री पहले की तरह बहाल करती है या नहीं? 
पहले तो भाजपा और कांग्रेस के शासनकाल में सचिवालय ही नहीं, मंत्रियों के घर और दफ़्तर के दरवाजे पत्रकारों के लिए हमेशा खुले रहते थे। 










Friday, 21 February 2025

अपराधों की FIR दर्ज न करना दंडनीय अपराध हो





अपराधों की एफआईआर दर्ज होना जरूरी




इंद्र वशिष्ठ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए अपराधों का दर्ज होना ज़रूरी है, इसलिए एफआईआर दर्ज करने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। देशवासियों को त्वरित व पारदर्शी न्याय प्रणाली देने के लिए सरकार संकल्पित है। 
एफआईआर दर्ज न करना अपराध हो-
गृह मंत्री अगर अपराधों को दर्ज कराने को लेकर वाकई गंभीर हैं, तो एफआईआर दर्ज न करने को दंडनीय अपराध घोषित किया जाना चाहिए। अपराधों को दर्ज न करने वाले पुलिस अफसर के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज किए जाने का कानून बनाया जाना चाहिए। 
मिसाल बनाएं- गृहमंत्री को सबसे पहले दिल्ली में ही यह सुनिश्चित करना चाहिए, कि सभी अपराधों की सही और बिना देरी के एफआईआर दर्ज हो। दिल्ली में ऐसा कमाल करके वह देश भर की पुलिस के सामने मिसाल पेश कर सकते हैं। 
कथनी और करनी में अंतर-
नए आपराधिक कानूनों से लोगों को क्या वाकई न्याय जल्द मिलेगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन इस नए कानून का एक प्रावधान सरकार के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। इससे सरकार की कथनी और करनी में अंतर साफ़ नज़र आता है। 
एसएचओ के रहमोकरम पर-
नए कानून के अनुसार अब अपराध के कुछ मामलों में तो एफआईआर दर्ज करना या ना करना सब एसएचओ के विवेक/मर्जी पर निर्भर होगा। अपराध के कुछ मामलों में अब एसएचओ प्रारंभिक जांच करके यह तय करेगा, कि एफआईआर दर्ज की जाए या नहीं। पुराने कानून में अपराध के हर मामले में एफआईआर दर्ज करना कानूनन अनिवार्य था। लेकिन अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के नए कानून 173(3) के अनुसार जिस संज्ञेय अपराध में सज़ा तीन साल या उससे ज्यादा लेकिन सात साल से कम है। ऐसे मामले में डीएसपी स्तर के अफसर की पूर्व अनुमति से प्रारंभिक जांच करके ही एसएचओ यह तय करेगा, कि एफआईआर दर्ज की जाए या नहीं। यानी उसकी समझ से जो मामला सही होगा है, तभी वह‌ एफआईआर दर्ज करेगा। यानी अब ऐसे हर मामले में एफआईआर दर्ज करना कानूनन अनिवार्य नहीं होगा। 
भ्रष्टाचार बढ़ेगा- इस नए प्रावधान से तो पुलिस में भ्रष्टाचार पहले से भी ज्यादा बढ़ेगा। पुलिस को पीड़ित और आरोपी दोनों से पैसा वसूलने का पहले से ज्यादा मौका मिल जाएगा। पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने में मनमानी भी पहले से ज्यादा बढ़ेगी। 
अब ऐसे में पीड़ित/शिकायतकर्ता के लिए एफआईआर दर्ज कराना ही पहले से भी ज्यादा मुश्किल हो जाएगा। जब उसकी एफआईआर ही दर्ज नही होगी ,तो भला उसे न्याय कहां से मिलेगा। ।
संवेदनहीन पुलिस- गृहमंत्री के अन्तर्गत आने वाली दिल्ली पुलिस द्वारा महिलाओं के प्रति संवेदनशील होने और एफआईआर आसानी से दर्ज किए जाने का दावा किया जाता है। लेकिन महिला पहलवानों को कुश्ती संघ के अध्यक्ष भाजपा के तत्कालीन सांसद बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ यौन शोषण/ उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगानी पड़ी थी।
जबकि आईपीसी की धारा 166 ए (सी)में साफ कहा गया था कि महिला के खिलाफ अपराध के मामले में एफआईआर दर्ज न करना दंडनीय अपराध है। महिला की एफआईआर दर्ज न करने पर पुलिसकर्मी के खिलाफ आईपीसी की धारा 166 ए(सी) के तहत एफआईआर दर्ज करने का कानून था। यह कानून निर्भया गैंगरेप कांड के बाद साल 2013 में बनाया गया था।
पुलिस राज का खतरा - ऐसे में अब इस नए कानून की आड़ में अपराध के कुछ मामलों में शुरुआती जांच के आधार/नाम पर एफआईआर दर्ज न करने के लिए पुलिस को एक तरह से कानूनी रूप से छूट मिल गई। शिकायतकर्ता से सीधे मुंह बात तक न करने के लिए बदनाम पुलिस अब और ज्यादा निरंकुश हो जाएगी। लोकतंत्र और सभ्य समाज के लिए पुलिस राज खतरनाक होता है। 
आंकड़ों की बाजीगरी-  सच्चाई यह है कि अपराध को आंकड़ों की बाजीगरी के माध्यम से कम दिखाने के लिए पुलिस में पहले से ही अपराध के सभी मामलों को सही दर्ज न करने या हल्की धारा में दर्ज करने की परंपरा है। लोगों को एफआईआर दर्ज कराने के लिए अदालत तक में गुहार लगानी पड़ती है। अपराध को दर्ज ना करके तो पुलिस एक तरह से अपराधियों की ही मदद करने का गुनाह ही करती है।
पुलिस के हथकंडे-  सच्चाई यह है कि पुलिस अपराध कम दिखाने के लिए डकैती/लूट, स्नैचिंग/झपटमारी, चोरी/जेबकटने/ठगी आदि अपराधों के ज्यादातर मामलों को भी या तो दर्ज ही नहीं करती या हल्की धारा में दर्ज करती है। हत्या तक के मामले में भी एफआईआर दर्ज नहीं करने के मामले भी इस पत्रकार ने उजागर किए हैं। दिल्ली में पिछले तीन दशक से ज्यादा समय से क्राइम रिपोर्टिंग के दौरान इस पत्रकार ने ऐसा ही होते हुए देखा है और ऐसे अनगिनत मामले खबरों के माध्यम से उजागर किए है। जब देश की राजधानी में गृह मंत्री के अन्तर्गत आने वाली पुलिस का यह हाल है तो देश भर का अंदाज़ा आसानी से लगाया जा सकता है।
एक ही रास्ता- अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण करने का सिर्फ और सिर्फ एकमात्र रास्ता अपराध के सभी मामलों की सही एफआईआर दर्ज करना ही है। अभी तो हालत यह है कि मान लो अगर कोई लुटेरा पकड़ा गया, जिसने लूट/छीना झपटी की 100 वारदात करना कबूल किया है। लेकिन एफआईआर सिर्फ दस-बीस वारदात की ही दर्ज पाई गई। अगर पुलिस सभी मामलों में एफआईआर दर्ज करे, तो अपराधी ज्यादा समय तक जेल में रहेगा। अपराधी को हरेक मामले में जमानत कराने और मुकदमेबाजी के लिए वकील को पैसा देना पड़ेगा, जिससे वह आर्थिक रूप से भी कमज़ोर हो जाएगा। ज्यादा मामलों में शामिल होने के कारण उसे जमानत भी आसानी से नहीं मिलेगी। अपराधी के अंदर सज़ा मिलने का डर बैठेगा।
पुलिस अगर अपराधों की सही एफआईआर दर्ज करें, तभी अपराध और अपराधियों की सही तस्वीर भी सामने आ पाएगी। तभी अपराध और अपराधियों से निपटा जा सकता है। 
न्याय की बुनियाद एफआईआर-  
आपराधिक न्याय प्रणाली की बुनियाद ही एफआईआर पर टिकी हुई है। लेकिन जब एफआईआर आसानी से दर्ज ही नहीं होगी या पुलिस की मनमर्जी से दर्ज होगी, तो भला न्याय कैसे मिलेगा। 
कड़ी निगरानी- नए कानूनों से सभी को खासकर गरीब को न्याय मिले, पीडितों/शिकायतकर्ता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को कोई ठोस व्यवस्था भी बनानी चाहिए। नए कानूनों की आड़ में पुलिस निरंकुश न हो जाए। कानूनों को लागू करने में पुलिस पूरी ईमानदारी/ जिम्मेदारी और सावधानी बरतें। यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार को गंभीरता से कड़ी निगरानी की व्यवस्था भी करनी चाहिए।

(इंद्र वशिष्ठ दिल्ली में 1989 से पत्रकारिता कर रहे हैं। दैनिक भास्कर में विशेष संवाददाता और सांध्य टाइम्स (टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप) में वरिष्ठ संवाददाता रहे हैं।)








सनलाइट कालोनी थाने का एएसआई गिरफ्तार, एसएचओ लाइन हाज़िर



सनलाइट कालोनी थाने का एएसआई गिरफ्तार, एसएचओ लाइन हाज़िर


इंद्र वशिष्ठ, 
सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के सनलाइट कालोनी थाने में तैनात एएसआई राम सिंह को 10 हज़ार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एएसआई राम सिंह ने एक दम्पति को जेल भेजने की धमकी दे कर 30 हज़ार रुपए रिश्वत मांगी। एएसआई राम सिंह को निलंबित कर दिया गया है। 
इस मामले में सनलाइट कालोनी थाने के एसएचओ गुलशन नागपाल को लाइन हाज़िर किया गया है। 
महिलाओं में झगड़ा-
सीबीआई के अनुसार ग्रेटर कैलाश निवासी शिकायतकर्ता राजकुमार शर्मा का हरिनगर आश्रम में दफ्तर में है। 19 फरवरी को दफ़्तर में राजकुमार की अनुपस्थिति में उसकी पत्नी और महिला कर्मचारी में कहासुनी/झगड़ा हो गया. महिला कर्मचारी ने पुलिस को फोन कर दिया।
जेल भेजने की धमकी-
 सनलाइट कालोनी थाने के एएसआई राम सिंह ने राजकुमार को थाने बुलाया। एएसआई राम सिंह ने  राजकुमार और उसकी पत्नी को जेल भेज देने की धमकी दे कर तीस हजार रुपए रिश्वत मांगी। परस्पर बातचीत के बाद एएसआई राम सिंह 15 हजार रुपए लेने को तैयार हो गया। राजकुमार की शिकायत पर सीबीआई ने 20 फरवरी को मामला दर्ज किया। 
सीबीआई ने 20 फरवरी की रात को जाल बिछाया और 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए एएसआई राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार के मामले- 
सीबीआई ने 29 जनवरी 2025 को दिल्ली पुलिस के लाहौरी गेट थाने में तैनात सब- इंस्पेक्टर अनिल खटाना को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ने में विफल हो गई। सब- इंस्पेक्टर अनिल खटाना रिश्वत की रकम लेकर थाने से भागने में सफल हो गया।सीबीआई ने 10 जनवरी 2025 को आउटर डिस्ट्रिक्ट के राज पार्क थाने में तैनात सब- इंस्पेक्टर दीपक झा को आपराधिक मामले को बंद करने के लिए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।  सीबीआई ने 2 जनवरी 2025 को उत्तर पश्चिम जिले के नेताजी सुभाष प्लेस थाने में तैनात हवलदार शिव हरि को खाने की रेहड़ी लगाने वाले सतीश यादव से दस हज़ार रुपए लेते हुए गिरफ्तार किया। 2 जनवरी 2025 को ही सीबीआई शाहदरा जिले के सीमा पुरी थाने में तैनात सब- इंस्पेक्टर राजेन्द्र को रंगे हाथ पकड़ने में विफल हो गई। सब- इंस्पेक्टर राजेन्द्र रिश्वत की रकम लेकर भाग गया। 





Tuesday, 18 February 2025

हत्यारों का साथी दिल्ली पुलिस का सब- इंस्पेक्टर गिरफ्तार, व्यापारी के हत्यारों को पैसा और पनाह देने वाला निकला वर्दी वाला गुंडा


हत्यारों का साथी दिल्ली पुलिस का सब- इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 
हत्यारों को पैसा और पनाह देकर मदद की, 


इंद्र वशिष्ठ
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने बर्तन व्यापारी के हत्यारों को पैसे और पनाह देकर मदद करने के आरोप में  सब-इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। 
व्यापारी सुनील जैन (52) की 8 दिसंबर 2024 को शाहदरा के फर्श बाजार थाना इलाके में ‘गलत पहचान’ के कारण गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पैसा और पनाह-
स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने उत्तर-पूर्वी जिले में तैनात सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह (45) को व्यापारी के हत्यारों नवीन कसाना और सचिन उर्फ मुकेश उर्फ गोलू को शरण/पनाह देने तथा पैसे से सहायता करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। 
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुखबीर सिंह लगातार गोलू के संपर्क में था और हत्या के बाद उसकी मदद कर रहा था। सुखबीर सिंह सिंह को 16 फरवरी को गिरफ्तार किया गया और वह चार दिन की पुलिस हिरासत में है।
जुगाड़ से तबादला-
उत्तर पूर्वी जिले के डीसीपी आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह अब इस जिले में तैनात नहीं है। उसे दिसंबर 2024 में ही रिलीव कर दिया गया था। 
 दूसरी ओर पता चला है कि सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने जुगाड़ लगा कर अपना तबादला मध्य जिले में करा लिया है लेकिन उसने अभी वहां पर आमद/ ज्वाइन नहीं किया। 
गलत पहचान-
8 दिसंबर 2024 की सुबह सुनील की सैर से घर लौटते समय बाइक सवार दो बदमाशों ने  गोलियां मार कर हत्या कर दी । पहले यह मामला लूट या आपसी रंजिश का लग रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि जैन को पहचान में हुई गलती के कारण मार दिया गया।
पुलिस जांच से पता चला कि सुनील जैन की  कदकाठी असली निशाना/टारगेट के समान थी, और उनकी दिनचर्या समान थी।
असल में हत्यारे किसी और को मारने आए थे। उनका असली निशाना एक नाबालिग का पिता था, जिस पर आरोप था कि उसने सट्टेबाज/प्रॉपर्टी डीलर आकाश शर्मा और उनके भतीजे ऋषभ की हत्या की साजिश रची थी। दीवाली पर गैंगस्टर हाशिम बाबा गिरोह के अनिल उर्फ सोनू मटका ने आकाश और ऋषभ की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
मृतक आकाश शर्मा पर हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। वह सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन साल तक जेल में भी रह चुका था। एक मामला सट्टा चलाने को लेकर भी है।
आकाश शर्मा की हत्या से सचिन उर्फ गोलू  बौखला गया था। वह आकाश को अपना भाई मानता था और उसके लिए बदला लेना चाहता था। लेकिन पहचान में गलती के कारण सुनील की हत्या कर दी। 
फरारी में मदद-
पुलिस के अनुसार इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि कोई ( पुलिस वाला) अंदर से हत्यारों की मदद कर रहा है। फोन ट्रैकिंग/ टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि सब-इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह लगातार गोलू के संपर्क में था। हत्या के बाद सुखबीर ने उसे पैसे भी दिए, ताकि वह फरार हो सके।
पर्याप्त तकनीकी साक्ष्य मिले हैं जो हत्यारों के साथ सुखबीर सिंह की सीधी संलिप्तता को दर्शाते हैं। पुलिस अब हत्या में आपराधिक साजिश में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। 
 गुंडे ने हवालात में ईद मनाई-
सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह का नाम पहले भी बदमाश हाशिम बाबा के मामलों में आ चुका है। 
पिछले साल जून में कुख्यात हाशिम बाबा को रिमांड पर लाकर ईद की पार्टी करवाने के आरोप में उत्तर पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ में तैनात सब- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह समेत तीन-चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाज़िर किया गया था। 
 रमजान के दिनों में स्पेशल स्टाफ ने एक बदमाश को पिस्तौल के साथ पकड़कर उसका लिंक गैंगस्टर हाशिम बाबा से निकाला था। जिसके बाद हाशिम बाबा को पूछताछ के लिए रिमांड पर लाया गया था। मगर वहां उसकी वीआईपी की तरह खातिरदारी की गई। पुलिस वालों ने उसकी ईद मनवाई थी। जिसमें हाशिम के घरवाले, रिश्तेदार और जानकार भी पहुंचे थे।
चर्चा तो यह भी है कि जेल के बाहर आकर ईद मनाने के लिए ही हाशिम ने पुलिसकर्मियों से सांठगांठ की। योजना अनुसार हाशिम ने अपने एक गुर्गे की पिस्तौल के साथ "गिरफ्तारी" और अपने "रिमांड " का नाटक रचा। 






Friday, 14 February 2025

अजय राज शर्मा: बहादुरी और काबिलियत की मिसाल



अजय राज शर्मा: बहादुरी और काबिलियत की मिसाल



इंद्र वशिष्ठ
दिल्ली पुलिस में पिछले कुछ वर्षों से कमिश्नर के पद पर ऐसे आईपीएस अफसर तैनात किए जा रहे हैं जो पेशेवर रुप से कमजोर/दब्बू और नाकाबिल साबित होते है। ऐसे कमिश्नरों के कारण ही न केवल दिल्ली पुलिस की बल्कि आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवा की छवि भी खराब होती है। ऐसे कमिश्नरों के कारण ही बेईमान पुलिसकर्मी निरंकुश हो जाते है और अपराध और अपराधियों पर अंकुश भी नहीं लग पाता है। लगता है अब काबिल और दमदार आईपीएस अफसरों का अकाल पड़ गया है।
अजय राज नंबर वन -
लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर ऐसे काबिल और दमदार आईपीएस भी रहे। जिनकी  काबिलियत, दबंगता, दमदार नेतृत्व और निर्णय क्षमता, कुशल प्रशासन की आज भी मिसाल दी जाती है।
पिछले तीन दशकों में अगर 2-3 बेहतरीन कमिश्नरों की गिनती की जाए, तो उनमें नंबर वन पर अजय राज शर्मा हैं। 
साल 1999 से 2002 तक दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर रहे दबंग और काबिल  अजय राज शर्मा का 10 फरवरी 2025 को बीमारी के कारण निधन हो गया।
आईपीएस के 1966 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अजय राज़ शर्मा के कर्तव्य पालन के उदाहरणों से उनकी पेशेवर काबिलियत और दबंगता का अंदाजा लगाया जा सकता है। 
दमदार कमिश्नर -  
अजय राज शर्मा ने ही दो डीसीपी को जिले से तुरन्त हटाने की हिम्मत दिखाई थी। दिल्ली पुलिस के इतिहास मेंं शायद ही ऐसी दूसरी कोई मिसाल हो जिसमें भ्रष्टाचार और पेशेवर लापरवाही/ संवेदनहीनता पर दो डीसीपी/आईपीएस को जिले से तुरंत हटाया गया। 
दो डीसीपी को हटाया - 
उत्तरी पश्चिमी जिला के तत्कालीन डीसीपी सत्येंद्र गर्ग द्वारा माडल टाऊन के बिजनेसमैन सुशील गोयल की पत्नी से लाखों रुपए मूल्य की विदेशी पिस्तौल उपहार में लेने का भ्रष्टाचार का अनोखा मामला इस पत्रकार द्वारा 1999 में उजागर किया गया। कमिश्नर अजय राज़ शर्मा ने तुरंत डीसीपी सत्येंद्र गर्ग को जिला पुलिस उपायुक्त के पद से हटा दिया।
मध्य जिला के तत्कालीन डीसीपी मुक्तेश चंद्र  द्वारा बलात्कार पीड़िता विदेशी युवतियों को मीडिया के सामने पेश करने पर इस पत्रकार ने सवाल उठाया था। कमिश्नर अजय राज़ शर्मा ने इस मामले में भी मुक्तेश चंद्र को जिला पुलिस उपायुक्त के पद से हटा दिया। 
काला दिन- सीबीआई ने आईपीएस जे के शर्मा के यहां छापे मारी की थी, उस समय अजय राज़ शर्मा ने मीडिया में खुल कर कहा कि आज़ का दिन पुलिस के लिए काला दिन है। आईपीएस अफसरों द्वारा तबादले के साथ ही अपने निजी स्टाफ यानी चहेते पुलिस कर्मियों को भी साथ ले जाने पर भी अजय राज शर्मा ने अंकुश लगाया था।
संसद पर हमला, बौखलाए नहीं -
झपटमारी/लूट की वारदात होने पर ही जब आईपीएस अफसर वारदात दर्ज न करने या खबर दबाने की नीयत से मीडिया का सामना करने से घबराते या बौखलाते हैंं। पत्रकार का फोन तक नहीं उठाते है। अजय राज ऐसे पुलिस कमिश्नर थे, जो आतंकी हमले के दौरान भी बिना विचलित हुए पत्रकार से बात करने का दम रखते थे।
संसद पर आतंकवादी हमला (13 दिसंबर 2001)होने की सूचना मिलते ही इस पत्रकार ने कमिश्नर अजय राज शर्मा को मोबाइल पर फोन किया। फोन मिलाते समय ही यह ख्याल आया था, कि ऐसे समय मेंं जब संसद पर हमला हो रहा है, वह फोन नहीं उठाएंगे। लेकिन अजय राज शर्मा ने फोन रिसीव किया और बिल्कुल ही सहज शांत भाव से आतंकी हमले की पुष्टि की और बताया कि वह अभी संसद भवन जाने के लिए रास्ते मेंं ही हैं। आतंकी हमले जैसे संकट के समय भी इस तरह का व्यवहार ही उनकी पेशेवर काबिलियत दिखाता है।
लालकिले पर आतंकी हमला(22 दिसंबर 2000) भी अजय राज के समय मेंं ही हुआ और दोनों मामलों को पुलिस ने सुलझा भी लिया। 
सिफारिश के बाद भी एसएचओ नहीं लगाया--
केशव पुरम थाना इलाके में टीवी के डिब्बे मेंं एक युवक की लाश मिली थी। हत्या का मामला दर्ज करने की बजाए पुलिस ने लावारिस के रुप मेंं शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले को इस पत्रकार द्वारा उजागर किया गया। अजय राज शर्मा ने केशव पुरम एसएचओ प्रदीप कुमार और चौकी इंचार्ज राज सिंह को निलंबित कर दिया। इस मामले से साबित हुआ कि पुलिस अपराध कम दिखाने के लिए हत्या के मामले भी दर्ज नहीं करती। दोबारा एसएचओ लगने के लिए प्रदीप कुमार ने कमिश्नर अजय राज शर्मा को कई बार सिफारिश करवाई। लेकिन अजय राज ने उसे साफ कह दिया कि तुम्हें दोबारा लगाया तो सान्ध्य टाइम्स मेंं फिर खबर छप जाएगी। 
पत्रकार को निकम्मे आईपीएस दुश्मन समझते हैं-
इससे पता चलता है कि कमिश्नर/ आईपीएस की नीयत अगर सही है और वह गलत काम करने वाले अफसर को थाने में तैनात नहीं करना चाहते, तो वह मीडिया का भय दिखा कर भी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन कर सकते हैं। आजकल तो हालात यह है कि खबर के आधार पर दोषी पुलिस अफसर के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए पोल खोलने वाले पत्रकार को ही आईपीएस द्वारा दुश्मन की तरह देखा/ समझा जाता है।
जो आईपीएस पेशेवर काबिलियत वाले होते हैं।  वह तो मीडिया द्वारा उजागर मामलों को सकरात्मक रुप मेंं ले कर उस पर कार्रवाई जरुर करते हैंं। पुलिस मेंं व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए वह मीडिया के आभारी भी होते हैंं
पत्रकारों से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं-
दैनिक जागरण के तत्कालीन पत्रकार अरविंद शर्मा और आलोक वर्मा ने आरोप लगाया कि स्पेशल सेल के एसीपी राजबीर सिंह ने उनके साथ बदतमीजी की जान से मारने की धमकी दी है।  पत्रकारों ने इस मामले की शिकायत अजय राज शर्मा से की। अजय राज शर्मा ने कहा कि अफसर का ऐसा व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्होंने तुरंत मामले की सतर्कता विभाग से जांच के आदेश दे दिए। लेकिन अरविंद शर्मा और आलोक वर्मा अपना बयान देने के लिए जांच मेंं शामिल ही नहीं हुए। बाद मेंं पता चला कि स्पेशल सेल के तत्कालीन डीसीपी अशोक चांद और एसीपी राजबीर ने होटल मेंं पत्रकारों को दावत देकर सब "ठीक" कर लिया।
पत्रकार को फंसाया- 
कमिश्नर अजय राज शर्मा और तत्कालीन स्पेशल कमिश्नर कृष्ण कांत पॉल को कश्मीर टाइम्स के पत्रकार इफ्तिखार गिलानी को देशद्रोह के झूठे मामले मेंं गिरफ्तार करने के लिए भी याद रखा जाएगा। स्पेशल सेल ने इफ्तिखार को 9-6-2002 को गिरफ्तार किया था। अदालत मेंं सेना के वरिष्ठ अफसर ने ही पुलिस की पोल खोल दी। सेना के अफसर ने कहा कि गिलानी से बरामद दस्तावेज गोपनीय और देश की सुरक्षा से संबंधित नहीं है। पुलिस की पोल खुली तो मुकदमा वापस लिया गया। लेकिन बेकसूर गिलानी को सात महीने जेल में सड़ना पड़ा।
भ्रष्ट आईपीएस की इज़्ज़त नहीं-
आईपीएस अफसरों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के बारे में अजय राज शर्मा ने कहा था कि क्या जरूरत है, अपने को इतना नीचे गिराने की, छोटे छोटे कर्मचारियों से पैसा ले रहे हो। भ्रष्ट आईपीएस को पुलिस फोर्स से कभी इज़्ज़त नहीं मिलेगी। 
अजय राज शर्मा ने कहा था कि आईएएस, आईपीएस को इतनी तनख्वाह तो मिलती ही है, कि वह इज़्ज़त से रह सकते हैं और थोड़ा बहुत बचा भी सकते हैं। उन्हें वह रुतबा मिलता है जो बड़े बड़े बिजनेसमैन को भी नहीं मिलता है। 
शानदार पारी- उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ के संस्थापक मुखिया के पद पर रहते हुए अजय राज शर्मा ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात अपराधी श्रीप्रकाश शुक्ला को 22 सितंबर 1998 को कथित एनकाउंटर में मार गिराया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में अनेक डाकुओं का भी सफाया अजय राज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने किया। 
अजय राज शर्मा दिल्ली पुलिस मेंं तीन साल की शानदार पारी के बाद साल 2002 में सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक बनाए गए।  साल 2004 में वह बीएसएफ महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए। 


(इंद्र वशिष्ठ दिल्ली में 1989 से पत्रकारिता कर रहे हैं। दैनिक भास्कर में विशेष संवाददाता और सांध्य टाइम्स (टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप) में वरिष्ठ संवाददाता रहे हैं।)