Wednesday, 11 March 2026

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में 93139 पद खाली सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ आईटीबीपी में सबसे ज्यादा पद खाली



केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में  93139 पद खाली 
सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ  आईटीबीपी में सबसे ज्यादा पद खाली


इंद्र वशिष्ठ, 
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में  93139 पद खाली हैं। सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी में सबसे ज्यादा पद खाली हैं। 
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और
असम राइफल्स (एआर) में रिक्तियों का ब्योरा इस प्रकार है : सीआईएसएफ में 28342 , सीआरपीएफ में 27400, बीएसएफ में 14531, आईटीबीपी में 12333, एसएसबी में 6784 और असम राइफल्स में 3749 पद खाली हैं। 
राज्य सभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सांसद अशोक मित्तल के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। 
पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद डा. अशोक कुमार मित्तल ने गृह मंत्री से सवाल पूछा कि क्या ऐसी रिक्तियों ने कानून प्रवर्तन, आंतरिक सुरक्षा और आपदा प्रतिक्रिया क्षमताओं को प्रतिकूल रुप से प्रभावित किया है? क्या भर्ती में देरी और प्रशिक्षण संबंधी बाधाओं की पहचान और समीक्षा की गई है ? , आंतरिक सुरक्षा बलों में जनशक्ति की कमी को दूर करने के लिए क्या समय-सीमा और कार्य योजना है?
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि बल उपलब्ध संसाधनों के इष्टतम उपयोग के माध्यम से अत्यधिक पेशेवर तरीके से अपने सभी कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
रिक्तियों को भरना एक सतत प्रक्रिया है। मंत्रालय संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) और संबंधित बलों के माध्यम से रिक्तियों को तेजी से भरने के लिए गंभीर कदम उठा रहा है।

सरकार ने सीएपीएफ और एआर में रिक्तियों के भरने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए हैं:

(i) 'सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और असम राइफल्स को नॉन-जनरल ड्यूटी संवर्गों में रिक्त पदों पर समयबद्ध तरीके से भर्ती करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
(ii) कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पद हेतु वार्षिक भर्ती, जिसके लिए कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
(iii) जनरल ड्यूटी पदों पर भर्ती के समन्वय के लिए, कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी), उप-निरीक्षक (जनरल ड्यूटी) और सहायक कमांडेंट (जनरल ड्यूटी) के रैंक में भर्ती के लिए दीर्घकालिक आधार पर एक नोडल बल नामित किया गया है।
(iv) केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और असम राइफल्स (एआर) में कांस्टेबल (जीडी) और अन्य सीधी भर्ती परीक्षाओं के लिए शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) / शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) के आयोजन के दौरान रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) का उपयोग किया जा रहा है।
(v) पदोन्नति आधारित रिक्तियों को भरने के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठकों का समय से आयोजन करना।
(vi) भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मेडिकल जांच (विस्तृत चिकित्सा जांच (डीएमई) / समीक्षा चिकित्सा जांच (आरएमई)) में लगने वाले समय को कम कर दिया गया है।
(vii) कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के लिए पर्याप्त अभ्यर्थी (विशेष रूप से उन श्रेणियों में, जहां कमी देखी गई है) प्राप्त करने हेतु अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग के लिए कट ऑफ अंक कम कर दिए गए हैं।
(viii) वार्षिक प्रशिक्षण योजना के अनुसार बेसिक रीफ्रूट ट्रैनिंग नियमित तरीके से आयोजित की जाती है।



No comments:

Post a Comment