Wednesday 17 March 2021

मुंबई के अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को बिल्डर को गोली मारने के मामले में दस साल कैद की सजा।


 
मुंबई के अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को दस साल कैद की सजा। 

इंद्र वशिष्ठ

मुंंबई की विशेष सीबीआई अदालत ने अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को हत्या की कोशिश के एक मामले में दस साल कैद की सजा सुनाई है। साल 2013 में एक सट्टेबाज/ बिल्डर अजय गोसलिया को जान से मारने की कोशिश के लिए उसे अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है। 

साल 1957 में जन्मे राजेन्द्र निखलजे उर्फ ​​नाना और सेठ के अलावा छोटा राजन नाम से कुख्यात इस अंतरराष्ट्रीय अपराधी को सह-अभियुक्तों के साथ दोषी पाया गया और 10 साल जेल की सजा सुनाई गई। 

सात को सजा-
विशेष न्यायाधीश ने इस मामले में आरोपी कौशिक राजगौर, अरविन्द उर्फ अर्नय शिन्दे, सुनील कुमार उर्फ पीयूष, विलास भारती, प्रकाश उर्फ पाक्या उर्फ भानू, रोहित उर्फ सतीश कालिया एवं राजेन्द्र सदाशिव निखलजे उर्फ छोटा राजन को दोषी ठहराया एवं प्रत्येक पर 5 लाख रुपए जुर्माने सहित 10 वर्ष की कठोर कारावास की सजा सुनाई।

सीबीआई ने महाराष्ट्र सरकार के निवेदन एवं  भारत सरकार की अधिसूचना पर 07.04.2016 को मामला दर्ज किया था एवं तीन अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध बंगुर नगर पुलिस स्टेशन, मुम्बई (महाराष्ट्र) में सी आर संख्या-206/2013 के माध्यम से पूर्व में दर्ज इस मामलें की जांच अपने हाथों में ली।
अभियोजन पक्ष के अनुसार 28.08.2012 को दोपहर बाद 4 से 4.15 के मध्य, तीन अज्ञात व्यक्तियों ने आपराधिक षड़यंत्र के तहत में अजय गोसालिया एवं शिकायतकर्ता अरशद शेख को भी मारने के उद्देश्य से अपने पिस्तौल से गोली चलाई। अजय गोसालिया इस घटना में गम्भीर रुप से घायल हुआ। बाद में मामला डीसीबी, सीआईडी, मुंंबई को स्थानान्तरित किया गया। जांच के पश्चात, डीसीबी, सीआईडी, मुम्बई ने विशेष नामित मकोका कोर्ट, मुम्बई के समक्ष आरोप पत्र दायर किया। डीसीबी, सीआईडी ने पूरक आरोप पत्र भी दायर किया।
 सीबीआई ने मामला अपने हाथों में लेने के पश्चात गहन जॉच की और विशेष न्यायाधीश, मकोका कोर्ट, मुंंबई में 15.03.2018 को अतिरिक्त साक्ष्य के साथ पूरक आरोप पत्र दायर किया। अदालत ने आरोपियों को कसूरवार पाया तथा इन्हे दोषी ठहराया।
बुकी/बिल्डर-
पुलिस के अनुसार 52 वर्षीय अजय गोसलिया पहले एक बुकी था, बाद में वो बिल्डर बन गया था। तीन लोगों ने उसे गोली मार दी थी। ये हमला उस वक्त किया गया, जब वह मलाड (पश्चिम) में इनफिनिटी मॉल से बाहर निकल रहा था। छोटा राजन के आदेश पर उसके गुंडों ने अजय को गोली मारी थी।
पत्रकार की हत्या में उम्रकैद-
 जून 2011 मेंं मिड डे न्यूज़ पेपर में वरिष्ठ क्राइम रिपोर्टर ज्योतिर्मय डे की मंबई के पवई में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
छोटा राजन को पत्रकार जे डे की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।
इंडोनेशिया से लाए-
साल 2015 में छोटा राजन को इंडोनेशिया से प्रत्यर्पण करा कर भारत लाया गया। 
राजन विभिन्न आपराधिक मामलों के सिलसिले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। इंडोनेशिया से प्रत्यर्पित किये जाने के बाद से ही वह जेल में है। राजन महाराष्ट्र में 70 से ज्यादा मामलों में आरोपी है।
दाऊद का दुश्मन नंबर वन-
दाऊद गिरोह से दुश्मनी के कारण छोटा राजन को दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया है।
छोटा राजन दाऊद गिरोह (डी-कंपनी) का सदस्य रह चुका है। मुंबई में 1993 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के बाद सांप्रदायिक आधार पर वह दाऊद से अलग हो गया था।
दाऊद गिरोह का मानना है कि छोटा राजन उसके खिलाफ मुखबिरी कर भारतीय जांच एजेंसियों की मदद करता है।
दाऊद का गुंडा अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील  अपने दुश्मन छोटा राजन की हत्या की कोशिश में लगातार लगा रहता है। 
साल 2000 में बैंकॉक में छोटा राजन पर जानलेवा हमला किया गया था। गोलियां लगने के बाद भी छोटा राजन बच गया था। इस खूनी गैंगवार में छोटा राजन भी दाऊद के कई गुंडों की हत्या करा चुका है।
इसी लिए तिहाड़ जेल में राजन को अत्यंत उच्च सुरक्षा वाले जेल में रखा गया है। जिसकी 24 घंटे रखवाली खासतौर से तमिलनाडु स्पेशल पुलिस के जवान करते हैं।








No comments:

Post a Comment