Thursday 22 April 2021

कोरोना मरीजों के घर ऑक्सीजन पहुंचा रही पुलिस,"मिशन ऑक्सीजन"। DCP ने अस्पताल में भर्ती करवाया।



कोरोना मरीजों के घर ऑक्सीजन पहुंचा रही पुलिस।
 

इंद्र वशिष्ठ
कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन के इंतजाम में दिल्ली पुलिस भी लगातार मदद कर रही है। मिशन ऑक्सीजन के तहत पुलिस ऑक्सीजन टैंकरों के लिए साफ रास्ते की व्यवस्था कर रही है। ताकि बिना किसी रुकावट के ऑक्सीजन जल्द से जल्द अस्पतालों में पहुंच जाए। 
इसके अलावा पुलिस संकट की इस घड़ी में मदद मांगने वाले कोरोना मरीजों के घर पर भी ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचा रही है।
मुखर्जी नगर इलाके में रहने वाले एक परिवार के तीन सदस्य गुरूदत्त (62), गौरी (57) और कर्ण (25) कोरोना संक्रमित हो गए हैं। परिवार द्वारा मदद मांगने पर पुलिस ने रात में माया पुरी स्थित ऑक्सीजन प्लांट से 3 ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम किया और उनके घर पहुंचाए।
कोहाट एंकलेव निवासी कोरोना मरीज गुरमीत (66) के घर भी सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाया।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस के ही सब-इंस्पेक्टर नवीन और हवलदार विजय ने  त्री नगर निवासी कोरोना संक्रमित के घर पर ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचा कर मदद की।

विकास पुरी पुलिस ने ही एसबीआई अपार्टमेंट निवासी कोरोना मरीज के लिए एक ऑक्सीजन सिलेंडर उनके घर पहुंचाया।
वसंत कुंज निवासी अंजना गोस्वामी ने पुलिस को मदद के लिए फोन किया, बताया कि  उसकी कोरोना संक्रमित मांं की हालत गंभीर है।उसे ऑक्सीजन सिलेंडर की जरुरत है। कालिंदी कुंज थाने के हवलदार विजेंद्र सिंह ने उनके घर पर ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाया।
DCP ने अस्पताल में भर्ती करवाया-
दक्षिण पश्चिम जिला के डीसीपी इंगित प्रताप सिंह अस्पतालों के दौरे पर थे। पालम गांव थाना के इलाके में हाईलैंड अस्पताल के बाहर उन्हें एक महिला मिली। महिला ने उनसे उसके पति श्याम सुंदर वर्मा को अस्पताल में भर्ती कराने या ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। डीसीपी के निर्देश पर एसएचओ ने श्याम सुंदर को दिव्याप्रस्थ अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पतालों में ऑक्सीजन पहुंचाने मेंं मदद-
दक्षिण दिल्ली के बत्रा अस्पताल वालों ने पुलिस को बताया कि कोरोना के 350 मरीज है। ऑक्सीजन सिर्फ दो घंटे की ही बची है।
पानीपत और मोदी नगर से ऑक्सीजन टैंकर आने वाले थे लेकिन अभी तक नहीं पहुंचे।
पुलिस ने ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कंपनी के मालिक और टैंकर चालकों से संपर्क किया।
दक्षिण जिला के डीसीपी अतुल ठाकुर के बताया कि मैदान गढी, नेब सराय और ग्रेटर कैलाश थानों  की तीन पुलिस टीम दिल्ली सीमा से टैंकरों को लाने के लिए लगाई गई। 
60 ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम -
इस दौरान कोटला मुबारक पुर थाना के एसएचओ विनय त्यागी की टीम 60 खाली सिलेंडर लेकर मोहन कोआपरेटिव ,बदर पुर इलाके में स्थित ऑक्सीजन प्लांट में भेजी गई। वहां से पुलिस 60 सिलेंडरों में ऑक्सीजन भरवा कर लाई।
इसी तरह साकेत के मैक्स अस्पताल के लिए भी ऑक्सीजन टैंकर को दिल्ली अप्सरा सीमा से अस्पताल तक साफ रास्ता उपलब्ध कराया गया।
चाणक्य पुरी स्थित प्राइमस अस्पताल वालों ने पुलिस को बताया कि फरीदाबाद से आने वाला ऑक्सीजन टैंकर सुबह आठ बजे पहुंचना था लेकिन टैंकर अभी तक नहीं पहुंचा। अस्पताल में कोरोना के 150 मरीज है और ऑक्सीजन सिर्फ़ पांच-छह घंटे की ही बची है।ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कंपनी ने कहा कि डिलीवरी के लिए टैंकर उपलब्ध नहीं है। पुलिस ने कंपनी वालों से बात की और एक टैंकर का इंतजाम कराया। 
द्वारका जिला पुलिस ने भी मनीपाल अस्पताल के लिए फरीदाबाद सीमा से ऑक्सीजन टैंकर को लाने का इंतजाम किया।
ऑक्सीजन खत्म-
बाहरी जिला में स्थित राठी अस्पताल ने पुलिस को ऑक्सीजन खत्म होने की सूचना देकर मदद मांगी। अस्पताल में कोरोना के 78 मरीज भर्ती हैं। रन्हौला थाना पुलिस ने एक्शन बालाजी अस्पताल समेत चार जगहों से 121ऑक्सीजन सिलेंडरों का इंतजाम कराया।
शालीमार बाग के फोर्टिस अस्पताल के लिए ऑक्सीजन का इंतजाम कराने में पुलिस ने मदद की।
 मौर्या एंकलेव थाना इलाके में मुनि माया राम जैन अस्पताल के लिए भी पुलिस ने ऑक्सीजन सिलेंडरों का इंतजाम कराया।
नरेला पुलिस ने महाराजा अग्रसेन अस्पताल के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम कराया। अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट नागेंद्र यादव ने पुलिस से मदद मांगी। अस्पताल में कोरोना के 7 मरीज भर्ती हैं। पुलिस ने अस्पताल से 20  खाली सिलेंडर लिए और बवाना में ऑक्सीजन रिफिलिंग प्लांट से सिलेंडर में ऑक्सीजन भरवा कर मदद की। 
आधा घंटे की ऑक्सीजन-
दक्षिण पूर्वी जिला के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सनलाइट कालोनी थाना इलाके में जीवन माला अस्पताल के डाक्टर अविंदर ने पुलिस को बताया कि उनके यहां कोरोना के 15 मरीज भर्ती है। उनके पास सिर्फ़ आधा घंटे की ऑक्सीजन बची है। पुलिस ने तुरंत फरीदाबाद से ऑक्सीजन के 17 सिलेंडरों का इंतजाम कराया।

मध्य जिला के डीसीपी जसमीत सिंह ने बताया कि 
पंचकुइयां रोड स्थित दिल्ली हार्ट एंड लंग्स अस्पताल ने  पुलिस से मदद मांगी। पहाड़ गंज पुलिस ने  तुरंत ऑक्सीजन सिलेंडरों का इंतजाम कराया। 
ख्याला/ पश्चिम विहार के पार्क अस्पताल के लिए विकास पुरी थाना पुलिस ने 27 ऑक्सीजन सिलेंडरों का इंतजाम कराया।



No comments:

Post a Comment